आईपीएल 2027 के लिए आज (17 नवंबर 2026) सभी टीमों को अपनी आधिकारिक रिटेंशन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची बीसीसीआई को सौंपनी है. पिछले दो बार की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम भी शाम तक अपने रिटेंशन और रिलीज किए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर देगी. जिसपर सबकी नजर टिकी हुई है. लोग देखना चाहते हैं कि आखिरकार फ्रेंचाइजी किन खिलाड़ियों पर भरोसा जताती है और किन्हें बाहर का रास्ता दिखाएगी. खिलाड़ियों की रिटेंशन लिस्ट जारी हो. उससे पहले बात करें आरसीबी के उन तीन अनकैप्ड खिलाड़ियों के बारे में जिन्हें फ्रेंचाइजी रिटेन कर सकती है, तो उनके नाम कुछ इस प्रकार हैं-
सुयश शर्मा
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम सुयश शर्मा को मुख्य स्पिनर के तौर पर देखती है. मध्य के ओवरों में वह आरसीबी के लिए भरोसेमंद इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका निभाते हैं. पिछले सीजन में उनका प्रदर्शन भी सराहनीय रहा था. टीम की तरफ से उन्होंने कुल 12 मुकाबलों में हिस्सा लिया था. जहां वह नौ विकेट चटकाने में कामयाब हुए थे. इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 9.21 का रहा था. कप्तान को दबाव की परिस्थितियों में उनकी गेंदबाजी पर पूरा भरोसा रहता है. अनुभवी क्रुणाल पंड्या के साथ घरेलू मैदान पर उनकी स्पिन जोड़ी काफी प्रभावी मानी जाती है. यही वजह है कि उनके रिटेन होने की संभावना काफी प्रबल है.
रसिख सलाम डार
रसिख सलाम डार आरसीबी की टीम में तेज गेंदबाजी आक्रमण को गहराई प्रदान करते हैं. यश दयाल की गैरमौजूदगी में पिछले साल उन्होंने काफी शानदार गेंदबाजी की थी. टीम के लिए उन्होंने 12 मुकाबलों में हिस्सा लिया था. जहां वह 21.32 की शानदार औसत से 19 विकेट अपने नाम करने में कामयाब हुए थे. हालांकि, इस दौरान वह थोड़े महंगे भी नजर आए थे. उन्होंने 9.46 की इकॉनमी रेट से रन खर्च किए थे. पिछले सीजन में रसिख का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 24 रन खर्च कर चार विकेट रहा था.
विहान मल्होत्रा
बाएं हाथ के बल्लेबाज और दाएं हाथ के ऑफ स्पिन गेंदबाज विहान मल्होत्रा ने 2022 से 2023 के बीच अंडर-16 और अंडर-19 में शानदार प्रदर्शन किया था. जिसके बाद उन्हें आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय बेड़े में शामिल किया गया. जहां उन्होंने उपकप्तान के तौर पर शानदार खेल दिखाया. उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ खेले गये लो स्कोरिंग मुकाबले में 14 रन पर चार विकेट लेकर जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी.
इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ 107 गेंदों में नाबाद 109 रन की पारी खेलकर वह टूर्नामेंट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने थे. उनके लगातार शानदार प्रदर्शन को देखते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम इस होनहार खिलाड़ी पर निवेश जारी रख सकती है और मौजूदा रिटेंशन चक्र में उन्हें बरकरार रखने का फैसला कर सकती है.
यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी की वजह से राजस्थान रॉयल्स को छोड़ना चाहते हैं यशस्वी जायसवाल? इरफान पठान का चौंकाने वाला बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं