- राजस्थान के उदयपुर में थाईलैंड की एक यूट्यूबर के साथ ऑटो ड्राइवर द्वारा आपत्तिजनक व्यवहार किया गया.
- युवती ने नगर निगम मेले में ऑटो ड्राइवर की हरकत को मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया.
- वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने आरोपी ऑटो ड्राइवर आफताब उर्फ गबरू को गिरफ्तार कर लिया है.
"वन लिप किस प्लीज..." राजस्थान के उदयपुर में घूमने आई थाईलैंड की एक यूट्यूबर के साथ उसके ऑटो ड्राइवर द्वारा किए गए आपत्तिजनक व्यवहार का मामला सामने आया है. नगर निगम के मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग कर रही विदेशी युवती ने आरोपी की हरकत को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी ऑटो ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार होने के बाद ऑटो ड्राइवर अब माफी मांग रहा है.
लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान मांगा LIP KISS
थाईलैंड की रहने वाली युवती इन दिनों भारत घूमने आई हुई हैं. उदयपुर घूमने के दौरान उसने शहर में आने-जाने के लिए आफताब उर्फ गबरू नाम के ऑटो ड्राइवर का ऑटो किराए पर लिया था. आरोपी ने दो दिनों तक युवती को शहर की अलग-अलग जगहों पर घुमाया. 13 नवंबर को युवती टाउन हॉल स्थित नगर निगम के मेले में पहुंची थी. यहां वह मोबाइल से सांस्कृतिक कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग और लाइव स्ट्रीमिंग कर रही थी. इसी दौरान ऑटो ड्राइवर उसके पास पहुंचा और बार-बार 'लिप किस प्लीज' कहने लगा. आरोपी की इस हरकत से युवती अनकंफर्टेबल हो गई. उसने पूरी वारदात को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली.
वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने ऑटो ड्रावर को किया गिरफ्तार
इसके बाद 14 नवंबर को युवती ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर घटना का वीडियो पोस्ट किया. युवती के इंस्टाग्राम पर करीब 70 हजार फॉलोअर्स हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मामला चर्चा में आ गया. पुलिस ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया. सूरजपोल थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह के अनुसार, आरोपी की पहचान आफताब उर्फ गबरू पुत्र अबरार खान, निवासी सेक्टर-11, महाराज का अखाड़ा के रूप में हुई है. आरोपी ऑटो ड्राइवर है. पुलिस ने अश्लीलता के मामले में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
ये भी पढ़ें:- उदयपुर होटल रेड में बड़ा खुलासा, भारत से डिपोर्ट होने के बाद भी रह रही थी थाइलैंड की महिला, रजिस्टर पर एंट्री तक नहीं
पुलिस के हत्थे चढ़ने पर आई महिला सम्मान की याद!
वहीं, अब आरोपी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कह रहा है कि वह अपनी गलती पर बेहद शर्मिंदा है. उसका कहना है कि बाहर से आए मेहमानों और महिलाओं का सम्मान करना चाहिए और भविष्य में वह ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगा.
ये भी पढ़ें:- वीडियो गेम बनाने वाले शख्स ने किया भारत का दौरा, कहा- 'बाकी दुनिया एक जैसी, इंडिया आज भी सरप्राइज करता है'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं