अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले आर्यवीर सहवाग सुर्खियों में हैं. टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के बाद पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग अपने दोनों बेटों आर्यवीर और वेदांत के साथ बागेश्वर धाम पहुंचे, जहां उन्होंने पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया. इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.
बागेश्वर धाम में लिया आशीर्वाद
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में वीरेंद्र सहवाग अपने दोनों बेटों के साथ बागेश्वर धाम में नजर आ रहे हैं. इस दौरान उन्होंने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की और आशीर्वाद प्राप्त किया. आर्यवीर और वेदांत भी इस मौके पर मौजूद रहे.
एशिया कप जीत के बाद चर्चा में हैं आर्यवीर
आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था. पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में उन्होंने 61 गेंदों में 58 रन बनाए और भारत की 338 रन के लक्ष्य का पीछा करने की मजतूब नींव रखी. पूरे टूर्नामेंट में आर्यवीर ने पांच मैचों में 361 रन बनाए.
आर्यवीर के नाम टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के
उनका औसत 90.25 और स्ट्राइक रेट 95 से ज्यादा रहा. उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक भी लगाए. टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 16 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी वही रहे. शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया.
फाइनल के बाद पिता को बताया था अपनी घबराहट का राज
भारत की खिताबी जीत के बाद वीरेंद्र सहवाग ने अपने बेटे आर्यवीर के साथ एक वीडियो कॉल का क्लिप सोशल मीडिया पर शेयर किया था. बातचीत के दौरान आर्यवीर ने बताया कि फाइनल के आखिरी ओवर में वह काफी नर्वस थे और खुद को शांत रखने के लिए लगातार 'सीताराम-सीताराम' का जाप कर रहे थे.
आर्यवीर ने मजाकिया अंदाज में यह भी बताया कि जब वह बल्लेबाजी कर रहे थे तो स्टेडियम में मौजूद कुछ पाकिस्तानी समर्थक 'सहवाग-सहवाग' के नारे लगा रहे थे. गौरतलब है कि वीरेंद्र सहवाग ने अपने करियर में पाकिस्तान के खिलाफ कई यादगार पारियां खेली थीं, जिनमें मुल्तान टेस्ट का तिहरा शतक सबसे चर्चित है.
भावुक हुए वीरेंद्र सहवाग
वीडियो शेयर करते हुए वीरेंद्र सहवाग ने लिखा था कि कुछ पल ट्रॉफी, रन और अवॉर्ड से भी बड़े होते हैं. उन्होंने कहा कि एक पिता के लिए बेटे के साथ जुड़ी ऐसी यादें हमेशा खास रहती हैं. सहवाग ने आर्यवीर को मेहनत और प्रतिभा के दम पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की शुभकामनाएं भी दी थीं.
यह भी पढ़ें- 13 छक्के, 8 चौके... 2 साल से टीम इंडिया से बाहर स्टार ने खेली 48 गेंदों में 135 रन की तूफानी पारी
यह भी पढ़ें- एशिया कप में ठोका, अब फिर होगी भारत-पाकिस्तान की टक्कर, कब-कहां और कितने बजे होगा मैच?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं