आईपीएल 2027 मिनी ऑक्शन से पहले फैंस की नजरें अब उन लिस्ट पर टिकी हैं, जिनका पूरे सीजन की तस्वीर पर बड़ा असर पड़ सकता है. सभी 10 फ्रेंचाइजी को 17 नवंबर 2026 तक अपने रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की फाइनल लिस्ट जमा करनी है. ऐसे में क्रिकेट फैंस जानना चाहते हैं कि आखिर यह सूची कब जारी होगी और कौन-कौन से बड़े नाम ऑक्शन पूल में शामिल हो सकते हैं.
कब जारी होगी रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट?
आईपीएल 2027 के लिए सभी फ्रेंचाइजियों को 17 नवंबर 2026 तक अपने रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की सूची अंतिम रूप देनी है. हालांकि बीसीसीआई की ओर से इन सूचियों को सार्वजनिक करने का कोई तय समय घोषित नहीं किया गया है.
फ्रेंचाइजी और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार खिलाड़ियों की रिटेंशन और रिलीज लिस्ट मंगलवार (17 नवंबर) को दिनभर में कभी भी जारी हो सकती है. कुछ रिपोर्ट्स में शाम करीब 5 बजे के आसपास आधिकारिक घोषणा होने का अनुमान लगाया गया है.
अभी तक जारी नहीं हुई है आधिकारिक सूची
फिलहाल आईपीएल 2027 की आधिकारिक रिलीज खिलाड़ियों की सूची जारी नहीं की गई है. सभी फ्रेंचाइजियां अंतिम समय तक अपने स्क्वॉड का आकलन कर रही हैं और उसी के आधार पर खिलाड़ियों को बनाए रखने या रिलीज करने का फैसला लेंगी.
किन खिलाड़ियों के नाम चर्चा में?
मीडिया रिपोर्ट्स में चेन्नई सुपर किंग्स के प्रशांत वीर, गुजरात टाइटंस के शाहरुख खान और ग्लेन फिलिप्स के नाम संभावित रिलीज खिलाड़ियों के रूप में सामने आए हैं. हालांकि अभी तक किसी भी फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक तौर पर इन खिलाड़ियों को रिलीज करने की पुष्टि नहीं की है. इसके अलावा कैमरून ग्रीन, मथीशा पथिराना, मार्कस स्टोइनिस, जोश इन्ग्लिस, दीपक चाहर और कुछ अन्य खिलाड़ियों के नाम भी चर्चाओं में हैं, लेकिन इन पर भी कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है.
ट्रेड और रिलीज में क्या है अंतर?
हाल के दिनों में कई बड़े खिलाड़ी टीम बदल चुके हैं, लेकिन उन्हें रिलीज नहीं किया गया है. हार्दिक पंड्या और अर्शदीप सिंह की अदला-बदली ट्रेड डील के जरिए हुई है. इसी तरह ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, टी नटराजन, लियम लिविंगस्टोन, खलील अहमद और नाथन एलिस जैसे खिलाड़ी भी ट्रेड के तहत नई टीमों में पहुंचे हैं. ऐसे खिलाड़ी मिनी ऑक्शन का हिस्सा नहीं होंगे क्योंकि उनकी मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट डील सीधे दूसरी फ्रेंचाइजियों को ट्रांसफर हुई है.
कब होगी IPL 2027 मिनी ऑक्शन?
आईपीएल 2027 की मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर 2026 को गोवा में आयोजित की जाएगी. रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट आने के बाद टीमों के पर्स, उपलब्ध स्लॉट और नीलामी की रणनीति की तस्वीर साफ हो जाएगी.
IPL 2027 के कन्फर्म ट्रेड्स (ये रिलीज नहीं, बल्कि टीमों के बीच हुए ट्रेड हैं)
- हार्दिक पंड्या: मुंबई इंडियंस से पंजाब किंग्स (₹18 करोड़)
- अर्शदीप सिंह: पंजाब किंग्स से मुंबई इंडियंस (₹18 करोड़)
- ऋषभ पंत: लखनऊ सुपर जायंट्स से दिल्ली कैपिटल्स (₹15 करोड़)
- कुलदीप यादव: दिल्ली कैपिटल्स से लखनऊ सुपर जायंट्स (₹13.50 करोड़)
- टी. नटराजन: दिल्ली कैपिटल्स से सनराइजर्स हैदराबाद (₹5 करोड़)
- जीशान अंसारी: सनराइजर्स हैदराबाद से दिल्ली कैपिटल्स (₹40 लाख)
- लियाम लिविंगस्टोन: सनराइजर्स हैदराबाद से चेन्नई सुपर किंग्स (₹6 करोड़)
- जैक एडवर्ड्स: सनराइजर्स हैदराबाद से चेन्नई सुपर किंग्स (₹3 करोड़)
- खलील अहमद: चेन्नई सुपर किंग्स से सनराइजर्स हैदराबाद (₹4.80 करोड़)
- नाथन एलिस: चेन्नई सुपर किंग्स से सनराइजर्स हैदराबाद (₹2 करोड़)
यह भी पढ़ें- PAK का सपना तोड़ने वाले मोहित उल्वा ने अपने रोल मॉडल्स का किया खुलासा, दो दिग्गज क्रिकेटर्स को बताया फेवरेट
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद आर्यवीर के साथ बागेश्वर धाम पहुंचे सहवाग, धीरेंद्र शास्त्री से लिया आशीर्वाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं