विज्ञापन

इंडिगो फ्लाइट के टॉयलेट में मिला हाईजैकिंग का धमकी भरा नोट, विमान को बेंगलुरु लौटना पड़ा

बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E451 में टॉयलेट से हाईजैकिंग की धमकी वाला नोट मिलने के बाद विमान को एहतियातन वापस केम्पेगौड़ा एयरपोर्ट लौटाया गया. सुरक्षा एजेंसियों की जांच और पूछताछ के बाद उड़ान को दोबारा रवाना किया गया.

इंडिगो फ्लाइट के टॉयलेट में मिला हाईजैकिंग का धमकी भरा नोट, विमान को बेंगलुरु लौटना पड़ा
indigo flight 6e451 returns bengaluru after hijack threat note found in toilet
  • बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो की उड़ान में टॉयलेट में हाईजैकिंग की धमकी वाला नोट मिलने से अफरा-तफरी मच गई
  • धमकी वाले नोट में लिखा था कि विमान को ठीक 6:30 बजे हाईजैक किया जाएगा, जिससे चालक दल सतर्क हो गया
  • पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित कर विमान को सुरक्षा कारणों से वापस बेंगलुरु लौटाया गया

बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के टॉयलेट में हाईजैकिंग की धमकी वाला एक हस्तलिखित नोट मिला. सुरक्षा को देखते हुए विमान को बीच रास्ते से वापस बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा.

उड़ान के दौरान मिला धमकी भरा नोट

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E451 शनिवार शाम करीब 5:50 बजे बेंगलुरु से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी. विमान में कुल 178 यात्री सवार थे. उड़ान के दौरान एक यात्री ने विमान के शौचालय में एक संदिग्ध नोट देखा और इसकी सूचना तुरंत केबिन क्रू को दी. बताया जा रहा है कि नोट पर लिखा था, "This plane is going to get hijacked exactly 06:30" यानी इस विमान को ठीक 6:30 बजे हाईजैक किया जाएगा. इस संदेश के सामने आते ही चालक दल ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया और इसकी जानकारी पायलट को दी. 

Latest and Breaking News on NDTV

पायलट ने एटीसी को दी सूचना

धमकी की जानकारी मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित किया और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को वापस बेंगलुरु लौटाने का फैसला किया. विमान के सुरक्षित उतरते ही सभी 178 यात्रियों को बाहर निकाला गया. इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की गहन जांच और तलाशी शुरू की. एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों ने विमान के हर हिस्से की बारीकी से जांच की ताकि किसी भी संभावित खतरे को पूरी तरह खारिज किया जा सके.

यात्रियों से पूछताछ, नोट रखने वाले की तलाश

बेंगलुरु एयरपोर्ट पुलिस ने यात्रियों से पूछताछ भी की. जांचकर्ताओं को संदेह था कि धमकी भरा नोट विमान में मौजूद किसी व्यक्ति ने ही रखा हो सकता है. इसी वजह से यात्रियों से अलग-अलग जानकारी जुटाई गई और घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की गई. हालांकि जांच के दौरान विमान में कोई संदिग्ध वस्तु या सुरक्षा खतरा नहीं मिला. सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी जांच के बाद विमान को उड़ान के लिए सुरक्षित घोषित कर दिया.

जांच के बाद लखनऊ के लिए हुई रवाना

सभी सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी होने और विमान को क्लियरेंस मिलने के बाद फ्लाइट को दोबारा लखनऊ के लिए रवाना किया गया. बाद में सभी यात्री सुरक्षित लखनऊ पहुंच गए. फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा नोट किसने लिखा और उसे विमान के टॉयलेट में किसने रखा.   

यह भी पढ़ें- दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट, 'पटियाला पेग' समेत 4 गानों पर रोक, बच्चों को लेकर सख्ती 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indigo Flight, Bengaluru Airport, Lucknow
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com