25 नवंबर को अनंत सिंह की बेटी की शादी हुई. इस शादी की चर्चा बिहार के हर घर से लेकर पूरे देश और दुनिया में भी रही. मगर, अब इस शादी पर हुए खर्च को लेकर भी विवाद होने लगा है. आज लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अनंत सिंह की संपत्ति पर सवाल उठाए हैं.
तेज प्रताप यादव ने सवाल किया, अनंत सिंह के पास इतना पैसा कहां से आया? इतने करोड़ रुपया शादी में खर्च हुआ तो सरकार और ईडी-सीबीआई को जांच करनी चाहिए. इतना खर्च नहीं होना चाहिए था. सरकार को इसका संज्ञान लेना चाहिए. ईडी, सीबीआई इसमें लगे और इसकी जांच करें कि आखिर उनके पास इतना पैसा आने का सोर्स क्या है.
यश महेश्वरी द्वारा छठ पूजा पर अभद्र टिप्पणी पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि 'वह राक्षस है'. वहीं आनंद मोहन की रिहाई पर सुप्रीम कोर्ट के रोक पर तेज प्रताप ने कहा कि यह सही है. सरकार अगर कानून व्यवस्था सही से चलाएगी तो आधा से ज्यादा लोग क्रिमिनल उनकी ही पार्टी में भरे हैं. क्रिमिनल लोगों को पकड़कर अंदर करना चाहिए. अपराधियों के लिए कानून में संशोधन करना चाहिए. अपराधियों के लिए आजीवन कारावास होना चाहिए.
इससे पहले बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने अनंत सिंह और पूर्व सांसद आनंद मोहन को सजा में दी गई छूट को उच्चतम न्यायालय द्वारा रद्द किए जाने को बृहस्पतिवार को ‘दैवीय न्याय' करार दिया. बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि आनंद मोहन और जनता दल यूनाइटेड (जद यू) से निष्कासित विधायक अनंत कुमार सिंह के मामलों में उच्चतम न्यायालय के फैसले इस बात का प्रमाण हैं कि राजग अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार लोगों को मामलों में फंसाता है.
नीतीश कुमार की सरकार पर उठाए सवाल
तेजस्वी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जद (यू) अध्यक्ष नीतीश कुमार के चर्चित नारे ‘‘न हम किसी को फंसाते हैं, न बचाते हैं'' का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘इस दावे की हकीकत कुछ और ही है. वास्तविकता बिल्कुल उलट है.'' तेजस्वी यादव ने कहा कि मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह जब राजद के साथ थे, तब शस्त्र अधिनियम के एक मामले में उन्हें दोषी ठहराया गया था, लेकिन उनकी पत्नी नीलम देवी के राजग में शामिल होने के कुछ महीने बाद उन्हें उस मामले में बरी कर दिया गया.
पिछले साल विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह ने जद (यू) के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की. वह स्थानीय गैंगस्टर दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में जेल में रहते हुए चुनाव जीते थे. हाल ही में अनंत सिंह को जद (यू) से निष्कासित कर दिया गया था. उन पर विधान परिषद चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार करने का आरोप था. तेजस्वी यादव ने कहा, ‘‘यह दैवीय न्याय है. केवल अदालत ही नहीं, भगवान भी उन्हें सजा दे रहे हैं, समय आने पर जनता भी उन्हें न्याय के कटघरे में खड़ा करेगी, जो पूरे घटनाक्रम को देख रही है.''
यह भी पढ़ें | अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी की दावत में क्या-क्या? 150 पकवानों वाला फूड मेन्यू, हाथ धोने के लिए लगे 500 नल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं