विज्ञापन

दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट, 'पटियाला पेग' समेत 4 गानों पर रोक, बच्चों को लेकर सख्ती 

इंदौर में 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले बाल संरक्षण अधिकारियों ने 'पटियाला पेग' समेत चार गानों के प्रदर्शन पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं. बच्चों को स्टेज पर बुलाने और बुलेट बेल्ट पहनने पर भी आपत्ति जताई गई है.

दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट, 'पटियाला पेग' समेत 4 गानों पर रोक, बच्चों को लेकर सख्ती 
diljit dosanjh indore concert patiala peg 4 songs restricted 
  • इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में चार गानों के प्रदर्शन पर प्रशासन ने प्रतिबंध लगाया है
  • चारों गानों को बच्चों की उपस्थिति में गाने से मना किया गया है
  • यह कार्रवाई पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के तहत चंडीगढ़ निवासी पंडितराव धरेनावर की शिकायत पर हुई है

चंडीगढ़/इंदौर: पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर 2026 को मध्‍य प्रदेश के इंदौर में होने वाले लाइव कॉन्सर्ट से पहले प्रशासन ने कुछ शर्तें लागू की हैं. महिला एवं बाल विकास विभाग, इंदौर के जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने सी-21 मॉल प्रबंधन को निर्देश दिया है कि कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ अपने चार चर्चित गानों का प्रदर्शन न करें, क्योंकि इनका बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है. हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कॉन्सर्ट पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है. निर्देश केवल कुछ गानों और मंचीय गतिविधियों तक सीमित हैं.

इन 4 गानों को नहीं गाने के निर्देश

6 नवंबर को जारी नोटिस में चार पंजाबी गानों का उल्लेख किया गया है. इनमें 'पटियाला पेग', '5 तारा', 'जीभ विचों अफीम (केस)' और 'जट्ट उठे फायर करदा' शामिल हैं. नोटिस में कहा गया है कि कार्यक्रम में पांच वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा. ऐसे में शराब, नशा और हिंसा से जुड़े गीत बच्चों के मन पर गलत प्रभाव डाल सकते हैं. इसी आधार पर मॉल प्रबंधन को सुनिश्चित करने को कहा गया है कि ये गाने कॉन्सर्ट में न गाए जाएं.

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश का हवाला

यह कार्रवाई चंडीगढ़ निवासी प्रोफेसर पंडितराव धरेनावर की शिकायत के बाद की गई है. उन्होंने 1 नवंबर को अधिकारियों को शिकायत भेजकर इन गीतों के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की थी. धरेनावर ने अपनी शिकायत में जुलाई 2019 के पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश का हवाला दिया. उस आदेश में अदालत ने कहा था कि शराब, नशीले पदार्थों और हिंसा का महिमामंडन करने वाले गीत बच्चों और किशोरों पर प्रतिकूल असर डाल सकते हैं. अदालत ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ प्रशासन को ऐसे गीतों के लाइव प्रदर्शन पर निगरानी रखने के निर्देश दिए थे.

बच्चों को मंच पर बुलाने और बुलेट बेल्ट पहनने पर भी आपत्ति

शिकायत में यह भी मांग की गई कि दिलजीत दोसांझ कार्यक्रम के दौरान बच्चों को मंच पर न बुलाएं. धरेनावर का तर्क है कि मंच के पास ध्वनि स्तर अक्सर 120 डेसिबल से अधिक पहुंच जाता है और तेज फ्लैश लाइट्स बच्चों के स्वास्थ्य पर असर डाल सकती हैं. इसके अलावा उन्होंने कलाकार के मंच पर क्रॉस शैली में पहनी जाने वाली सिल्वर बुलेट बेल्ट (बैंडोलियर) या डमी कारतूस पहनने पर भी आपत्ति जताई. शिकायत में कहा गया कि इससे हथियारों और हिंसा का प्रतीकात्मक संदेश जा सकता है.

दिल्ली कॉन्सर्ट भी रहा था विवादों में

इंदौर का यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब दिलजीत दोसांझ का दिल्ली कॉन्सर्ट भी चर्चा में रहा था. अक्टूबर में दिल्ली पुलिस ने शुरू में सुरक्षा कारणों और कुछ विशेष इनपुट के आधार पर कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. बाद में आयोजकों द्वारा विस्तृत सुरक्षा योजना प्रस्तुत किए जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने अनुमति दे दी और 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित हुआ. 

पहले भी लग चुकी हैं ऐसी पाबंदियां

यह पहला मौका नहीं है जब दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों पर इस तरह की आपत्तियां उठी हों. नवंबर 2024 में हैदराबाद में उनके 'दिल-लुमिनाटी' टूर के दौरान भी कुछ गीतों को लेकर नोटिस जारी किया गया था. इसके बाद दिलजीत ने मंच पर कुछ गीतों के बोल बदल दिए थे. उदाहरण के तौर पर '5 तारा' में शराब की दुकान का संदर्भ हटाकर होटल का जिक्र किया गया था. वहीं 'लेमोनेड' गीत में 'दारू' शब्द की जगह 'कोक' का इस्तेमाल किया गया था. अहमदाबाद शो में तो उन्होंने शराब से जुड़े गीत गाने से भी परहेज किया था. उस दौरान दिलजीत ने कहा था कि यदि सभी राज्य गुजरात की तरह ड्राई स्टेट बन जाएं तो वे शराब से जुड़े गीत कभी नहीं गाएंगे.

इंदौर शो को बम धमकी वाले ईमेल भी मिले

इंदौर में होने वाला यह कॉन्सर्ट सुरक्षा कारणों से भी चर्चा में है. कार्यक्रम के दिन धमाके की धमकी वाले ईमेल तीन निजी स्कूलों और इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को भेजे गए हैं. इसके बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं. 

यह भी पढ़ें- IAS परी बिश्नोई ने खास अंदाज में दी द‍िवाली की शुभकामनाएं, एयरपोर्ट पर बेटी दौड़कर गले से लिपटी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Diljit Dosanjh, Indore, Madhya Pradesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com