अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का भारत दौरा दोनों देशों के रिश्तों की गर्माहट को बता रहा है. कोलकाता में शानदार स्वागत के बाद दिल्ली पहुंचे मार्को रूबियो ने पीएम मोदी से मुलाकात की. करीब एक घंटे की मुलाकात के बाद साफ हो गया कि दोनों देश अपने रिश्तों को नई ऊंचाई पर ले जाने को तैयार हैं.
पीएम मोदी से मिलने के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री नई दिल्ली के अमेरिकी दूतावास पहुंचे. यहां मार्को रूबियो ने पत्रकारों के सामने दूतावास के कर्मचारियों से बात की. मार्को रूबियो ने साफ तौर पर कहा कि भारत हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है.मार्को रुबियो ने कहा, "हमारे दोनों देशों के बीच संबंध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति हमारे दृष्टिकोण की आधारशिला हैं... विदेश मंत्री के रूप में मेरी पहली आधिकारिक बैठक क्वाड की बैठक थी... हम इसे यहां करना चाहते थे, ना केवल क्वाड के प्रति हमारी कमिटमेंट के कारण, बल्कि यह इस बात का एक ठोस संकेत भी है कि भारत संयुक्त राज्य अमेरिका में और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति हमारे रुख और दृष्टिकोण में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. भारत और अमेरिका के बीच संबंध और मजबूत हो रहे हैं. हम जल्द नई घोषणाओं की उम्मीद कर सकते हैं."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं