Bisleri Water Recall: पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर बनाने वाली कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल ने पश्चिम बंगाल के अपने प्लांट से पानी की एक खेप बाजार से वापस मंगाई है. कंपनी ने शनिवार को बताया कि उसने FSSAI के निर्देश पर ये कदम उठाया था. हालांकि, कंपनी का दावा है कि स्वतंत्र लैब में जांच के दौरान इस खेप का पानी तय सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाया गया था.
ये मामला पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में स्थित कंपनी के टेलीपारा प्लांट से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के सैंपल से जुड़ा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में FSSAI ने बिसलेरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी है.
12 अगस्त को FSSAI ने बिक्री पर लगाई थी रोक
बिसलेरी के मुताबिक, FSSAI ने 12 अगस्त 2026 को बैच नंबर PB201 की बिक्री पर रोक लगाई थी. इसके बाद कंपनी ने इस बैच को बाजार से वापस मंगा लिया.
कंपनी ने बताया कि नियामक की ओर से लिए गए सैंपल की जांच में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी सामने आई थी. ये बैक्टीरिया पानी में फीकल कंटैमिनेशन यानी मल से दूषित होने का संकेत हो सकते हैं.
हालांकि, कंपनी ने बाद में इसी बैच के सैंपल दो अलग-अलग FSSAI से मान्यता प्राप्त लैब में जांच के लिए भेजे. बिसलेरी का दावा है कि दोनों लैब की रिपोर्ट में पानी को कोलीफॉर्म बैक्टीरिया के तय मानकों के अनुरूप पाया गया और खाद्य सुरक्षा के दूसरे नियमों का पालन भी सही मिला.
कंपनी ने सैंपलिंग और जांच प्रक्रिया की समीक्षा की मांग की
बिसलेरी ने कहा कि नियामक की जांच और स्वतंत्र लैब की रिपोर्ट में अंतर होने के कारण पूरे मामले की डिटेल्ड रिव्यू जरूरी है. कंपनी ने FSSAI से सैंपल लेने की प्रक्रिया, जांच के तरीके, लैब के नतीजों और रिपोर्ट में अंतर की वजहों की जांच करने की मांग की है.
बिसलेरी के मुताबिक, वो इस मामले में खाद्य नियामक के साथ पूरा सहयोग करेगी और तथ्यों को सामने लाने के लिए प्रतिबद्ध है.
एक हफ्ते में बिसलेरी पर दूसरी कार्रवाई
ये एक हफ्ते के भीतर बिसलेरी से जुड़ा दूसरा मामला है, जिसमें अभियोजन की कार्रवाई की बात सामने आई है. इससे पहले कंपनी की गोवा फैसिलिटी से जुड़े एक अलग मामले में भी ऐसी कार्रवाई हुई थी.
सूत्रों के मुताबिक, नियामक की जांच में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया के अलावा ब्रोमेट और कुछ अन्य दूषकों जैसे मानकों की भी जांच की गई थी. फिलहाल पश्चिम बंगाल के मामले में कंपनी ने स्वतंत्र लैब की रिपोर्ट के आधार पर अपना पक्ष रखा है.
यह भी पढ़ें | 'बिसलेरी का पानी पीने के लिए सेफ है,' FSSAI के एक्शन के बाद कंपनी ने दिया जवाब, कहा- दूसरी लैब में सब सही मिला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं