अमेरिका में H-1B वीजा, इमिग्रेशन पर सख्ती और भारतीयों में इसे लेकर बढ़ी चिंता के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने साफ किया है कि ये कदम भारत या भारतीय नागरिकों को निशाना बनाकर नहीं उठाए जा रहे हैं. रुबियो के मुताबिक अमेरिका अपने इमिग्रेशन सिस्टम की पुरानी समस्याओं को ठीक करने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने कहा कि अमेरिका लोगों का वहां पढ़ाई करने, काम करने और निवेश करने के लिए आना चाहता है, लेकिन यह प्रक्रिया कानून के मुताबिक होनी चाहिए.
कुछ वीजा में भारतीय ज्यादा
द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत के दौरान रुबियो से H-1B बहस, वीजा पाबंदियों और अमेरिका में इमिग्रेशन को लेकर बने माहौल पर सवाल किया गया. रुबियो ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था और दोनों देशों के बीच संबंधों को देखते हुए कुछ वीजा कैटेगरी ऐसी हैं, जिनमें बड़ी संख्या में भारतीय आवेदन करते हैं. इसी वजह से अमेरिका के इमिग्रेशन सिस्टम में बदलाव भारत में ज्यादा महसूस हो सकते हैं. लेकिन रुबियो ने जोर देकर कहा कि इन बदलावों को भारत के खिलाफ उठाए गए कदम के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए.
'अमेरिका आने वालों का स्वागत'
रुबियो के मुताबिक अमेरिका चाहता है कि लोग वहां आएं, यात्रा करें और पढ़ाई करें. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका में निश्चित अवधि के लिए काम करने वाले और वहां निवेश करने वाले लोगों के लिए भी अवसर बने रहेंगे.हालांकि उनका कहना है कि यह सब ऐसी व्यवस्था के तहत होना चाहिए, जिसमें इमिग्रेशन कानूनों का पालन किया जाए. रुबियो ने अवैध इमिग्रेशन को अमेरिकी व्यवस्था के सामने बड़ी समस्या बताया. उनका तर्क था कि कानूनी इमिग्रेशन के लिए सबसे बड़ा खतरा अवैध और बड़े पैमाने पर होने वाला माइग्रेशन है. उन्होंने कहा कि अमेरिका पूरे सिस्टम को सुधारने की कोशिश कर रहा है और इस प्रक्रिया को केवल भारत से जोड़ना सही नहीं होगा. उनके मुताबिक दूसरे देशों की यात्राओं के दौरान भी उन्हें अमेरिकी वीजा या उसकी प्रक्रिया को लेकर शिकायतें सुनने को मिलती हैं. रुबियो का कहना है कि मौजूदा बदलाव पूरे सिस्टम को ज्यादा टिकाऊ बनाने के लिए हैं और व्यवस्था ठीक होने पर कानूनी रास्ते से अमेरिका जाने वाले लोगों के लिए भी यह बेहतर होगा.
ये भी पढें: रूसी तेल पर भारत के खिलाफ क्यों नहीं गए ट्रंप ? रुबियो ने बताई वजह, पाकिस्तान पर भी दिया बड़ा भरोसा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं