विज्ञापन

IAS टीना डाबी से सृष्टि देशमुख तक: पहले प्रयास में किस स्ट्रैटेजी से UPSC टॉपर बनीं ये 8 महिलाएं?

UPSC परीक्षा को पहले ही प्रयास में पास कर IAS बनने वाली 8 महिला अफसरों की सक्‍सेस स्‍टोरी जानिए. टीना डाबी, सृष्टि जयंत देशमुख, सौम्या पांडे जैसी आईएएस अधिकारियों ने कठिन परिश्रम से पहली बार में ही ऑल इंडिया टॉप रैंक हासिल कर मिसाल कायम की है.

IAS टीना डाबी से सृष्टि देशमुख तक: पहले प्रयास में किस स्ट्रैटेजी से UPSC टॉपर बनीं ये 8 महिलाएं?
ias first attempt upsc toppers success story tina dabi srushti deshmukh
  • भारतीय प्रशासनिक सेवा में आठ महिला अफसर पहले प्रयास में UPSC क्रैक कर IAS बनीं, जिनमें छह टॉप टेन में थीं
  • राजस्थान कैडर की टीना डाबी ने यूपीएससी 2015 में पहला स्थान हासिल कर टोंक जिला कलेक्टर के रूप में सेवाएं दीं
  • केरल की रेनू राज ने 2014 में दूसरे स्थान पर रहकर मलयालम साहित्य को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना था

IAS First Attempt: संघ लोक सेवा आयोग की तैयारी करने वाले अधिकांश अभ्यर्थियों की कोशिश रहती है कि पहले ही प्रयास में यूपीएससी निकाल लें और सीधे आईएएस अधिकारी बन जाएं, मगर यह मौका हर किसी को नहीं मिलता. भारतीय प्रशासनिक सेवा में वर्तमान में आठ ऐसी महिला अफसर भी सेवाएं दे रही हैं, जिन्होंने न केवल पहले प्रयास में यूपीएससी क्रैक किया बल्कि आईएएस अधिकारी भी बनीं. इस सूची में टीना डाबी, सृष्टि जयंत देशमुख जैसी यूपीएससी टॉपर्स के नाम भी शामिल हैं. 

पहले ही प्रयास में यूपीएससी टॉप करके आईएएस बनने वाली इन महिला अफसरों की सफलता की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणादायी है, जिन्हें लगता है कि पहले प्रयास में यूपीएससी निकालना आसान नहीं है. आइए जानते हैं इन आठ महिला अफसरों के बारे में. खास बात यह है कि इन आठ में से छह ने तो यूपीएससी में अखिल भारतीय स्तर पर टॉप टेन में जगह बनाई है. यूपीएससी क्रैक करने के बाद हर महिला आईएएस ने कड़ी मेहनत, पढ़ाई में अनुशासन और विषय-वस्तु पर फोकस को अपनी सबसे बड़ी रणनीति बताया. 

ias first attempt upsc toppers success story tina dabi with Husband

ias first attempt upsc toppers success story tina dabi with Husband

टीना डाबी, AIR 1, यूपीएससी 2015

राजस्थान कैडर में 2016 बैच की आईएएस अधिकारी टीना डाबी वर्तमान में टोंक जिला कलेक्टर पद पर सेवाएं दे रही हैं. यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2015 में टीना डाबी ने अपने पहले ही प्रयास में पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया था. मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली टीना डाबी का जन्म 9 सितंबर 1993 को हुआ. ये राजस्थान में टोंक से पहले बाड़मेर की जिला कलेक्टर रह चुकी हैं. टीना डाबी के पति डॉ. प्रदीप के. गवांडे भी राजस्थान कैडर में 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. गवांडे वर्तमान में जालोर जिला कलेक्टर हैं. 

IAS Renu Raj First Attempt UPSC Topper Success Story

IAS Renu Raj First Attempt UPSC Topper Success Story

रेनू राज, AIR 2, यूपीएससी 2014

केरल की रहने वालीं रेनू राज भी भारतीय प्रशासनिक सेवा की उन महिला अफसरों में शामिल हैं, जिन्होंने यूपीएससी में पहले प्रयास में ही सफलता हासिल की. रेनू राज ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2014 में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया. महज 27 साल की उम्र में आईएएस अधिकारी बनने वालीं रेनू राज केरल के कोट्टायम में सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी की बेटी हैं. इनकी मां हाउसवाइफ हैं. इन्होंने मलयालम साहित्य को वैकल्पिक विषय चुना और यूपीएससी में कमाल कर दिखाया. आईएएस बनने से पहले रेनू राज ने केरल के कोल्लम जिले में स्थित एएसआई अस्पताल में डॉक्टर के रूप में सेवाएं दीं. 

IAS Artika Shukla UPSC Topper in First Attempt

IAS Artika Shukla UPSC Topper in First Attempt

अर्तिका शुक्ला, AIR 4, यूपीएससी 2015

आईएएस टीना डाबी की बैचमेट और अच्छी दोस्त अर्तिका शुक्ला ने भी पहले ही प्रयास में यूपीएससी निकाला और यूपीएससी 2015 में अखिल भारतीय स्तर पर चौथा स्थान हासिल किया. साल 2016 बैच की आईएएस अधिकारी अर्तिका शुक्ला का जन्म 5 सितंबर 1990 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हुआ. वर्तमान में वे अलवर की जिला कलेक्टर हैं. अर्तिका शुक्ला ने दिसंबर 2017 में उसी साल तीसरी रैंक हासिल करने वाले जसमीत सिंह संधू से शादी की है. जसमीत सिंह दिल्ली के रहने वाले हैं और राजस्थान कैडर में भीलवाड़ा के डीएम हैं. अर्तिका शुक्ला ने एमबीबीएस करने के बाद यूपीएससी की तैयारी की थी. 

IAS Saumya Pandey First Attempt UPSC Success Story

सौम्या पांडे, AIR 4, यूपीएससी 2016

उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद की रहने वालीं सौम्या पांडे ने यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2016 में देशभर में चौथा स्थान हासिल किया. यह उनका प्रथम प्रयास था. दसवीं कक्षा में 98 प्रतिशत और 12वीं में 97.8 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली सौम्या पांडे ने इंजीनियरिंग की डिग्री भी गोल्ड मेडल के साथ हासिल की थी. इनका जन्म 12 जनवरी 1994 को हुआ है. इंजीनियरिंग करने के बाद इन्होंने यूपीएससी की तैयारी की और आठ-नौ महीने जमकर मेहनत की. वे रोजाना आठ घंटे पढ़ाई करती थीं. अपने होम कैडर यूपी में 2017 बैच की आईएएस अधिकारी सौम्या पांडे वर्तमान में 12 जून 2026 से उपाध्यक्ष, बरेली विकास प्राधिकरण एवं आरएफसी पद पर सेवाएं दे रही हैं. 

IAS Srushti Jayant Deshmukh UPSC First Attempt Topper

IAS Srushti Jayant Deshmukh UPSC First Attempt Topper with Husband nagarjun b gowda

सृष्टि जयंत देशमुख, AIR 5, यूपीएससी 2018

भोपाल की रहने वाली सृष्टि जयंत देशमुख अपने होम कैडर मध्य प्रदेश में 2019 बैच की आईएएस अधिकारी हैं. यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2018 में सृष्टि देशमुख ने ऑल इंडिया लेवल पर 5वीं रैंक हासिल की थी. वे महिला वर्ग में पहले स्थान पर रही थीं. इंजीनियरिंग करने के बाद इन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की और पहले प्रयास में टॉपर बनीं. होम कैडर मध्य प्रदेश में 2019 बैच की आईएएस सृष्टि जयंत देशमुख की वर्तमान पोस्टिंग मुख्य कार्यपालन अधिकारी रीवा के पद पर है. 21 अगस्त 2026 को ही अपर कलेक्टर खंडवा से रीवा में इनका स्थानांतरण हुआ है. सृष्टि जयंत देशमुख ने 24 अप्रैल 2022 को आईएएस अधिकारी नागार्जुन बी. गौड़ा से शादी की. गौड़ा वर्तमान में सतना नगर निगम के कमिश्नर और सतना स्मार्ट सिटी के सीईओ के पद पर तैनात हैं. 

IAS Saumya Sharma UPSC First Attempt Topper

IAS Saumya Sharma UPSC First Attempt Topper

सौम्या शर्मा, AIR 9, यूपीएससी 2017

आईएएस सौम्या शर्मा महाराष्ट्र कैडर में साल 2018 बैच की अधिकारी हैं. इन्होंने पहले ही प्रयास में यूपीएससी 2017 में ऑल इंडिया लेवल पर 9वीं रैंक हासिल की. मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली आईएएस सौम्या के माता-पिता दोनों डॉक्टर हैं. महज 23 साल की उम्र में आईएएस बनने वालीं सौम्या शर्मा साल 2016 में उस समय चर्चा में आईं जब वे कानून की अंतिम वर्ष की छात्रा थीं और उन्होंने दिल्ली उच्च न्यायालय को पत्र लिखकर अपनी तरह के श्रवण बाधित छात्रों के लिए आरक्षण नीति के विस्तार की मांग उठाई थी. वे नागपुर जिला की मुख्य कार्यकारी अधिकारी भी रह चुकी हैं. वर्तमान में सौम्या शर्मा आईएएस की पोस्टिंग महाराष्ट्र में अमरावती नगर निगम के नगर आयुक्त पद पर है.  

IAS Ria Dabi UPSC Topper Success Story

IAS Ria Dabi UPSC Topper Success Story

रिया डाबी, AIR 15, यूपीएससी 2020

बड़ी बहन के नक्शेकदम पर चलते हुए रिया डाबी ने भी पहले ही प्रयास में यूपीएससी निकाला और बहन-जीजा के कैडर राजस्थान में आईएएस बन गईं. रिया डाबी ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2020 में ऑल इंडिया लेवल पर 15वीं रैंक हासिल की. रिया डाबी यूं तो मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली हैं, मगर इनका परिवार वर्तमान में दिल्ली में रहता है. रिया डाबी इस समय राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ओएसडी पद पर सेवाएं दे रही हैं. रिया डाबी के पति आईपीएस मनीष कुमार राजस्थान में डूंगरपुर एसपी पद पर तैनात हैं. 

IAS Ananya Singh UPSC First Attempt Topper

IAS Ananya Singh UPSC First Attempt Topper

अनन्या सिंह, AIR 51, यूपीएससी 2019

महज 22 साल की उम्र में यूपीएससी क्रैक करने वालीं अनन्या सिंह ने साल 2019 में ऑल इंडिया लेवल पर 51वीं रैंक हासिल की थी. वह भी पहले प्रयास में बिना किसी कोचिंग के. अनन्या सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली हैं. अनन्या सिंह ने दसवीं कक्षा में 96 और 12वीं में 98.25 फीसदी अंक हासिल किए थे, जबकि वे सीआईएससीई बोर्ड में अपने जिले की टॉपर रही थीं. दिल्ली के श्रीराम कॉलेज से इकोनॉमिक्स ऑनर्स की पढ़ाई करने के बाद वे यूपीएससी की तैयारियों में जुट गई थीं. 

यह भी पढ़ें- UP में 9 IPS के तबादले: संभल एसपी केके बिश्नोई अब बिजनौर पुल‍िस अधीक्षक, अव‍िनाश पाण्‍डेय की लखनऊ में तैनाती 

यह भी पढ़ें-  UP में 17 IAS के तबादले: आईएएस संगीता सिंह मुरादाबाद की नई कमिश्नर, आंजनेय सिंह की छुट्टी 

यह भी पढ़ें- भाई के भरोसे ने बहन को UPSC टॉपर बनाया, IAS शक्ति दुबे की AIR-1 की कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Success Story, UPSC Toppers, IAS, Tina Dabi, Srushti Jayant Deshmukh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com