Howrah Murder Case: पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में एक 16 वर्षीय छात्रा की चाकू से हमला कर हत्या किए जाने की घटना ने इलाके को झकझोर दिया है. पुलिस के अनुसार, 10वीं कक्षा की छात्रा रितिका सामंत बुधवार शाम साइकिल से घर लौट रही थी, तभी एक युवक ने उस पर हमला कर दिया. हमले में छात्रा के गर्दन, हाथ और पेट पर कई गंभीर चोटें आईं. स्थानीय लोगों ने घायल छात्रा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. हालांकि इलाज के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने से छात्रा की मौत हो गई. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
घर लौटते समय हुआ हमला
पुलिस के मुताबिक घटना हावड़ा के अंडुल इलाके में बुधवार शाम हुई. 16 वर्षीय रितिका सामंत साइकिल से घर लौट रही थी, तभी 24 वर्षीय समीर दास ने कथित रूप से उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावर ने छात्रा पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई.
स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ा
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया. स्थानीय निवासियों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. वहीं, घायल छात्रा को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. बाद में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हावड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया.
इलाज के दौरान हुई मौत
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, छात्रा को गंभीर चोटों के साथ भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण देर रात उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया यह एंगल
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी समीर दास कथित रूप से छात्रा को लंबे समय से परेशान कर रहा था और उसे बार-बार प्रप्रोज कर रहा था. जांच एजेंसियों को आशंका है कि छात्रा द्वारा बार-बार इनकार किए जाने से आरोपी नाराज था. पुलिस इसी एंगल से मामले की जांच कर रही है, हालांकि सभी तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है.
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी समीर दास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह घटना एक बार फिर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है.
यह भी पढ़ें : अमरावती में अपराधियों का आतंक; एक दिन में दो खौफनाक हमले, दिनदहाड़े हत्या और युवक का काटा हाथ
यह भी पढ़ें : 25 साल पुराने मर्डर केस में 12 को उम्रकैद, फैसले के बाद मुजफ्फरपुर कोर्ट परिसर में मारपीट; मचा हंगामा
यह भी पढ़ें : कोमा में पिता, गर्भवती पत्नी… पुलिस के सामने 40 मिनट तक तड़पते-तड़पते मरने वाले युवक की कहानी
यह भी पढ़ें : हत्या कर खून से लगाया तिलक; शव को डंडे से पीटा, वैशाली में डबल मर्डर के बाद फुल एनकाउंटर की मांग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं