बिहार के मुजफ्फरपुर में 25 साल पुराने एक चर्चित हत्या मामले में अदालत द्वारा 12 आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद कोर्ट परिसर में भारी हंगामा हो गया. फैसले से नाराज आरोपियों के परिजनों ने कथित तौर पर बादी पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया, जिससे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के भतीजे के साथ मारपीट की गई और कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वहीं, लंबे इंतजार के बाद आए फैसले से पीड़ित परिवार ने संतोष जताते हुए इसे न्याय की जीत बताया है.
25 साल पुराने हत्या मामले में आया फैसला
मामला मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के झाऊआ गांव का है. जानकारी के अनुसार वर्ष 2000 में किसान राम बहादुर राय की हत्या कर दी गई थी. इस घटना में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए थे. हत्या के पीछे भूमि विवाद को कारण बताया गया था. मामले में कुल 17 लोगों को आरोपी बनाया गया था. हालांकि सुनवाई के दौरान चार आरोपियों की मौत हो गई, जबकि 13 आरोपी जीवित बचे थे. करीब 25 वर्षों तक चली सुनवाई के बाद अदालत ने अपना फैसला सुनाते हुए 12 आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई, जबकि एक आरोपी को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया.

Muzaffarpur Court Clash: कोर्ट परिसर में मचा हंगामा
फैसले के बाद भड़का विवाद
अदालत का फैसला सुनाए जाने के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. आरोप है कि सजा से नाराज आरोपियों के परिजनों ने बादी पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक के भतीजे को निशाना बनाते हुए उसकी पिटाई की गई. देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, जिसके बाद मामला शांत हुआ.
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
घटना के दौरान मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं. प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि मारपीट के दौरान कुछ पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया. हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
मृतक के बेटे ने कहा- मिला न्याय
अदालत के फैसले के बाद मृतक राम बहादुर राय के पुत्र मनोज कुमार ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें आखिरकार न्याय मिल गया. परिवार का कहना है कि 25 साल तक कानूनी लड़ाई लड़ने के बाद अदालत का यह फैसला उनके लिए बड़ी राहत लेकर आया है.
वायरल हो रहा वीडियो
फैसले के बाद हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कोर्ट परिसर में लोगों की भीड़ और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति दिखाई दे रही है. हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि संबंधित एजेंसियों की ओर से नहीं की गई है, लेकिन घटना ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें : 91 गवाह, CCTV, मोबाइल लोकेशन और FSL रिपोर्ट; ताहिर हुसैन के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने कैसे बनाया मजबूत केस
यह भी पढ़ें : कोमा में पिता, गर्भवती पत्नी… पुलिस के सामने 40 मिनट तक तड़पते-तड़पते मरने वाले युवक की कहानी
यह भी पढ़ें : हत्या कर खून से लगाया तिलक; शव को डंडे से पीटा, वैशाली में डबल मर्डर के बाद फुल एनकाउंटर की मांग
यह भी पढ़ें : पैगंबर मोहम्मद पर कथित टिप्पणी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की PIL, सोशल मीडिया गाइडलाइन पर ये कहा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं