- स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में 108 दिन से 13 भारतीय-ध्वज वाले जहाजों पर 562 भारतीय नाविक फंसे हैं.
- हाल ही में हुए एक कार्गो जहाज हमले में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
- अमेरिका-ईरान पीस डील के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे जहाजों को सुरक्षित मार्ग मिलने की संभावना है.
अमेरिका-ईरान "पीस डील" से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में 108 दिन से फंसे 13 भारतीय-ध्वज वाले जहाज पर सवार 562 भारतीय नाविकों को "सेफ पैसेज" मिलने की उम्मीद बढ़ गई है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास हाल ही में एक कार्गो जहाज पर कथित तौर पर हुए हमले को लेकर सोमवार को शिपिंग मंत्रालय ने पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया दी. शिपिंग मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जहाज पर सवार सभी भारतीय सुरक्षित हैं.
पश्चिम एशिया के हालात पर मीडिया ब्रीफिंग में शिपिंग मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ओपेश कुमार शर्मा ने इस घटना पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा, "एक टैंकर के साथ जो घटना हुई है, वो संभवतः 12 या 13 जून को हुई थी. संबंधित जहाज हांगकांग के ध्वज वाला ऑयल/केमिकल टैंकर 'बोकेम मारेन्गो' (Bochem Marengo) था. जहाज पर सवार सभी भारतीय सुरक्षित हैं. भारतीय क्रू के संबंध में किसी के घायल होने या कोई अप्रिय घटना होने की सूचना नहीं है".
13 कार्गो जहाजों पर 562 भारतीय नाविक
ये महत्वपूर्ण है कि ये घटना अमेरिका और ईरान के बीच "पीस डील" की घोषणा से पहले हुई. पिछले करीब एक हफ्ते के दौरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और गल्फ ऑफ ओमान के आसपास कई कार्गो जहाजों पर हमले के बाद वहां फंसे भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे थे.
हालांकि "पीस डील" के ऐलान के बाद मध्यपूर्व एशिया में युद्ध रुकने से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में पिछले 108 दिनों से फंसे 13 भारतीय-ध्वज वाले जहाज को सेफ पैसेज मिलने की संभावना बढ़ गई है. इन 13 कार्गो जहाजों पर 562 भारतीय नाविक 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से ही भय और अनिश्चितता के माहौल में जी रहे हैं.
ये भी पढ़ें: अमेरिका और ईरान समझौता करेंगे तो इजरायल क्या करेगा, क्या हैं आशंकाएं
'विराट 1' जहाज क्रू के सभी सदस्य सुरक्षित
शिपिंग मंत्रालय के मुताबिक, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पश्चिम में 329 नाविक फंसे हैं, जबकि ओमान की खाड़ी (स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज के पूर्व में) 233 नाविक फंसे हुए हैं.
खबर है कि भारतीय-ध्वज वाले मशीनीकृत सेलिंग वेसल - 'विराट 1' पर फंसे 14 भारतीय नाविक UAE के जहाज "जावेल अली" की मदद से 18 जून को भारत पहुंचेंगे.
रविवार को 'विराट 1' जहाज का इंजन खराब हो गया था और क्रू के सभी सदस्य सुरक्षित रूप से लाइफ राफ्ट पर चले गए थे.
ओमान के अधिकारियों के तालमेल से और आस-पास मौजूद जहाजों के जरिए उन्हें बचाया गया था.
28 फरवरी से अब तक 15 कार्गो जहाज पहुंचे भारत
28 फरवरी से अब तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के जरिये 15 कार्गो जहाज भारत पहुंचे हैं. इसमें 10 भारतीय-ध्वज वाले जहाज हैं और 5 विदेशी-ध्वज वाले जहाज शामिल हैं.
इस बीच, LNG टैंकर "दिशा" होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को सुरक्षित पार करते हुए 18 जून को भारत के दहेज (Dahej) पहुंच सकता है.
इसमें 62,370 मीट्रिक टन LNG लोड है. मरीन ट्रैफिक डॉट कॉम के मुताबिक, ये LNG टैंकर अभी गल्फ ऑफ ओमान में है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं