- अमेरिका, ईरान और ओमान होर्मुज को फिर से खोलने के लिए अंतरिम समझौते के करीब पहुंच गए हैं, आज घोषणा हो सकती है
- यह खबर अमेरिकी न्यूज वेबसाइट एक्सियोस ने दो क्षेत्रीय सूत्रों और एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से छापी है
- डील के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य में ओमान और ईरान के बीच 60 दिनों की अस्थायी व्यवस्था की जाएगी- रिपोर्ट
अमेरिका और ईरान की जंग के बीच महंगे तेल की मार झेल रहे दुनिया के लिए एक अच्छी खबर है. अमेरिका, ईरान और ओमान तेल व्यापार के लिए अहम होर्मुज को फिर से खोलने के लिए एक अंतरिम समझौते के करीब पहुंच गए हैं. अमेरिका बुधवार, 5 अगस्त को इस डील की घोषणा करने की योजना बना रहा है. यह रिपोर्ट अमेरिकी न्यूज वेबसाइट एक्सियोस ने दो क्षेत्रीय सूत्रों और एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से छापी है. नजर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सोशल मीडिया हैंडल पर होगी क्योंकि ट्रंप हर छोटी-बड़ी घोषणा वहीं करते हैं.
अगर यह डील फाइनल हो जाती है तो यह बहुत अहम बात होगी. कई हफ्तों से बातचीत के दौर से गुजर रहे इस समझौते का मकसद अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर को फिर से शुरू करना और परमाणु समझौते पर बातचीत को दोबारा शुरू करना है. होर्मुज को फिर से खोलना बातचीत के मेज पर लौटने की दिशा में पहला कदम साबित हो सकता है.
डील में क्या हो सकता है?
एक्सियोस की इस रिपोर्ट के अनुसार दो क्षेत्रीय सूत्रों ने बताया है कि जिस समझौते पर बातचीत चल रही है, उसके तहत होर्मुज जलडमरूमध्य में ओमान और ईरान के बीच 60 दिनों की अस्थायी व्यवस्था की जाएगी, जिसे आगे बढ़ाया भी जा सकता है. संभावित डील के अनुसार होर्मुज से खाड़ी की ओर जाने वाले सभी जहाजों का आना-जाना ईरानी जलक्षेत्र से होकर उत्तरी लेन से होगा.
इस 60 दिनों की अवधि के दौरान कोई टोल या शुल्क नहीं लिया जाएगा. दोनों देश 30 दिनों के भीतर होर्मुज की बीच वाली लेन (मीडियन लेन) से नौसैनिक बारूदी सुरंगों (नेवल माइन्स) को हटाने का काम करेंगे. बीच वाली लेन साफ हो जाने के बाद उसका इस्तेमाल आने-जाने वाले जहाजों के लिए किया जाएगा. लेकिन जहाज ओमान और ईरान के बीच बातचीत से तय होने वाली स्थायी व्यवस्था की शर्तों के तहत ही आ जा सकेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं