विज्ञापन

हरियाणा का खूंखार गैंगस्टर का एनकाउंटर, मुठभेड़ में मारा गया विजय सैनी हत्याकांड का आरोपी

Vijay Murder Case Haryana: हरियाणा के दुजाना गांव के चर्चित विजय सैनी हत्याकांड के मुख्य आरोपी संजय का शुक्रवार को पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया. पुलिस ने कडोधा के पास रणखंडा रोड पर घेराबंदी की थी. जहां पुलिस से उसका सामना हुआ और उसे ढेर कर दिया गया.

हरियाणा का खूंखार गैंगस्टर का एनकाउंटर, मुठभेड़ में मारा गया विजय सैनी हत्याकांड का आरोपी
विजय सैनी हत्याकांड के आरोपी का एनकाउंटर
झज्जर:

हरियाणा के झज्जर में पुलिस ने एनकाउंटर में विजय हत्याकांड के आरोपी संजय को ढेर कर दिया है. पुलिस ने झज्जर के कडोधा में मौके पर घेराबंदी करके रखी थी. जैसे ही यहां आरोपी संजय पहुंचा तो उसने पुलिस को देखते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. जवाब फायरिंग में पुलिस ने उसे ढेर कर दिया. बताया जा रहा है कि संजय किसी बड़ी वारदात की फिराक में था. जबकि पुलिस उसे लगातार खोज रही थी. गिरफ्तारी न होने के चलते आरोपी संजय पुलिस के लिए सिर दर्द बना हुआ था. एनकाउंटर में पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर सहित तीन जवानों को गोली लगी है. 

संजय ने पुलिस पर की फायरिंग 

हरियाणा पुलिस ने कडोधा गांव के पास रणखंडा रोड पर घेराबंदी की हुई थी. पुलिस की गोली लगने से संजय बुरी तरह से घायल हो गया. वहीं उसकी फायरिंग में  सब इंस्पेक्टर संयम के बाजू में गोली लगी, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मियों की जान बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचा ली. पुलिस घायल अवस्था में संजय को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची. जहां जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. 

पुलिस की 8 टीमें तलाश में जुटी थी

हरियाणा पुलिस की 8 टीमें आरोपी संजय की तलाश में जुटी थी. संजय अपनी पत्नी और दुजाना के रहने वाले विजय सैनी की हत्या का मुख्य आरोपी था. लंबे समय से फरार चल रहे संजय की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी और वह पुलिस के सिरदर्द का कारण बना हुआ था. डीसीपी धारणा यादव ने पुलिस मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि बदमाश की तरफ से पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने के बाद जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें वह घायल हुआ और बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया है. 

क्या है विजय सैनी हत्याकांड 

आरोपी संजय ने 31 मई 2026 में झज्जर जिले के दुजाना गांव में जमीनी विवाद और गवाही को दबाने के लिए गांव में रहने वाले विजय सैनी पर अंधाधुंध गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी थी. घटना के बाद हरियाणा पुलिस ने स्पेशल टास्क फोर्स को आरोपी को पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी थी. संजय कई और मामलों में भी आरोपी रहा था. 2021 में उसने विजय सैनी के बेटे अनिल की भी गोली मारकर हत्या कर दी थी. जबकि 2 मार्च 2026 में उसने अपनी पत्नी को भी बेरहमी से मार दिया था. कई मामलों में आरोपी होने के बाद वह लगातार फरार चल रहा था. 

ये भी पढ़ेंः ट्रॉली बैग काटा गया तो निकले हेरोइन के पैकेट, दिल्ली एयरपोर्ट पर 35 करोड़ की हेरोइन पकड़ी गई

लेखक के बारे में
img
Gurpreet Singh
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Haryana Police, Haryana Encounter, Jhajjar In Haryana, Haryana News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com