विज्ञापन

खिड़की से बंधे हाथ, मुंहे में ठूंसे कपड़े... कारोबारी ने खुद के अपहरण का ड्रामा कर मांगे 50 लाख, ऐसे खुली पोल

मामला गुजरात के सूरत से सामने आया है. सूरत के उत्राण थाना क्षेत्र में 50 लाख रुपए की फिरौती वसूलने के लिए एक युवक ने अपने ही अपहरण की झूठी साजिश रच डाली. लेकिन पुलिसिया जांच में कुछ ही घंटों में उसके फरेबी ड्रामा का अंत हो गया.

खिड़की से बंधे हाथ, मुंहे में ठूंसे कपड़े... कारोबारी ने खुद के अपहरण का ड्रामा कर मांगे 50 लाख, ऐसे खुली पोल
परिवार को भेजे वीडियो में कुछ इस तरह से दिखा था कारोबारी.
NDTV
  • सूरत में 50 लाख रुपए की फिरौती वसूलने के लिए एक युवक ने अपने ही अपहरण की झूठी साजिश रच डाली.
  • शिकायत के बाद परिवार के सदस्यों को जिग्नेशभाई के मोबाइल फोन से धमकी भरे मैसेज मिलने लगे.
  • लेकिन पुलिस जांच में यह कहानी फर्जी निकली, जिस युवक के अपहरण की बात थी, उसी ने फर्जी साजिश रची थी.
सूरत:

ऊपर लगी तस्वीर देख कोई भी परेशान हो जाएगा. सोचिए तस्वीर में दिख रहा शख्स अपने पहचान का हो तो हालत क्या होगी? कई दिनों से लापता किसी शख्स की ऐसी तस्वीरें और वीडियो परिजनों को आए तो उनका परेशान होना लाजिमी है. क्योंकि इस वीडियो को भेजकर यह कहा गया कि बंदा किडनैप हो चुका है. सुरक्षित वापस चाहिए तो 50 लाख रुपए दो. धमकी भरा यह मैसेज देख परिवार ने पुलिस की मदद मांगी. जिसके बाद जब पुलिस मामले की जांच में जुटी तो कहानी कुछ और भी निकली. कहानी भी ऐसी जिसे जान कथित रूप से अगवा हुए कारोबारी के परिवार के साथ पुलिस भी हौरान हो गए.   

दरअसल यह मामला गुजरात के सूरत से सामने आया है. सूरत के उत्राण थाना क्षेत्र में 50 लाख रुपए की फिरौती वसूलने के लिए एक युवक ने अपने ही अपहरण की झूठी साजिश रच डाली. हालांकि उत्राण पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया.

जिग्नेश का अपहरण, 50 लाख की मांग  

मामले की शुरुआत 12 जून 2026 को हुई, जब उत्राण निवासी 36 वर्षीय जिग्नेशभाई लालजीभाई तलाविया के लापता होने की शिकायत उनकी पत्नी द्वारा उत्राण पुलिस थाने में दर्ज कराई गई. शिकायत के बाद परिवार के सदस्यों को जिग्नेशभाई के मोबाइल फोन से धमकी भरे मैसेज मिलने लगे. मैसेज में दावा किया गया कि जिग्नेशभाई का अपहरण कर लिया गया है और उन्हें सुरक्षित वापस देखना है तो 50 लाख रुपये देने होंगे. साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर हत्या कर शव मिलने की धमकी भी दी गई थी.

जिग्नेश ने परिवार को भेजा वीडियो

मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्राण पुलिस ने तत्काल डी-स्टाफ, सर्विलांस टीम और अन्य अधिकारियों की अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू कर दी. इसी दौरान परिवार को एक वीडियो भी भेजा गया, जिसमें जिग्नेशभाई बंधक जैसी स्थिति में दिखाई दे रहे थे और फिरौती की रकम जल्द जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा था.

वीडियो की जांच से गोधरा का मिला लिंक

जोन-5 के डीसीपी लखधीर सिंह झाला के अनुसार, तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई. प्रारंभिक तकनीकी जानकारी में युवक की लोकेशन मध्य प्रदेश के उज्जैन क्षेत्र में होने की आशंका सामने आई थी. वहीं वीडियो की जांच और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि वीडियो गोधरा में शूट किया गया था. इसके बाद पुलिस टीम ने गोधरा पहुंचकर विभिन्न होटलों में जांच की और एक होटल से जिग्नेशभाई को सकुशल बरामद कर लिया.

शेयर ट्रेडिंग में 50 लाख गंवाए, पैसों के लिए रची साजिश

पुलिस पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने सभी को चौंका दिया. जिग्नेशभाई ने स्वीकार किया कि उनका किसी ने अपहरण नहीं किया था. जांच में सामने आया कि वह शेयर बाजार और ऑप्शन ट्रेडिंग में करीब 50 से 60 लाख रुपये गंवा चुके थे और भारी कर्ज में डूबे हुए थे. आर्थिक संकट से निकलने और परिवार व रिश्तेदारों से बड़ी रकम हासिल करने के लिए उन्होंने खुद के अपहरण का पूरा नाटक रचा था. फिरौती के मैसेज और वीडियो भी उन्होंने ही तैयार कर परिवार को भेजे थे.

डीसीपी बोले- जांच में किसी अन्य की संलिप्तता नहीं आई

डीसीपी लखधीर सिंह झाला ने बताया कि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई है. पूरी साजिश अकेले जिग्नेशभाई ने ही रची थी. आरोपी की इस हरकत से पुलिस के समय और सरकारी संसाधनों का भी दुरुपयोग हुआ है. उत्राण पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 212, 217 और 233 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि झूठी सूचना देकर कानून व्यवस्था को गुमराह करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. कुछ साल पहले कोटा से एक ऐसे ही अपहरण की फर्जी कहानी सामने आई थी.

यह भी पढ़ें - Kota Student Kidnapping case: छात्रा का एक और सीसीटीवी VIDEO आया सामने, इंदौर में दोस्त संग कमरे से बाहर निकलते नजर आई

लेखक के बारे में
img
अमित ठाकुर
रिपोर्टर
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Surat Crime, Surat Police, Surat News, Share Trading, Fake Kidnapping
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com