Haryana News: सड़क पर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. गुरुग्राम पुलिस ने एक ऐसी मोटरसाइकिल को जब्त किया है, जिस पर लगे जुर्माने की रकम शायद उस बाइक की मौजूदा कीमत से भी ज्यादा है. रूटीन चेकिंग के दौरान पकड़ी गई इस बाइक पर एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 93 ट्रैफिक चालान पेंडिंग मिले, जिनका कुल बिल 2 लाख 29 हजार रुपये तक पहुंच गया था.
पुलिस ने कैसे पकड़ा?
आखिर एक ही बाइक पर इतने चालान कैसे पेंडिंग रह गए और यह गाड़ी पुलिस के हत्थे कैसे चढ़ी? इसका खुलासा गुरुवार को तब हुआ, जब गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस सेक्टर 4/7 चौक पर रूटीन चेकिंग कर रही थी. असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर मदन पाल और उनकी टीम ने जांच के लिए इस बाइक सवार को रोका. जैसे ही पुलिस ने ई-चालान मशीन में गाड़ी का नंबर दर्ज किया, स्क्रीन पर बकाया चालानों की लंबी लिस्ट आ गई और इस भारी-भरकम जुर्माने का पर्दाफाश हो गया.
जब्त क्यों हुई बाइक?
इतनी बड़ी संख्या में चालान कटने की वजह जानकर खुद पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए. जांच में पता चला कि ये सभी चालान स्मार्ट कैमरों से काटे गए थे, क्योंकि चालक बार-बार बिना हेलमेट गाड़ी चलाने और जेब्रा क्रॉसिंग के नियमों का उल्लंघन कर रहा था. जब पुलिस ने ड्राइवर से गाड़ी की आरसी और अन्य संबंधित कागजात मांगे, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया और उसे निर्धारित पार्किंग में भेज दिया.
बिना HSRP नंबर प्लेट वालों पर भी कार्रवाईबताते चलें कि यह जब्ती अचानक नहीं हुई है. गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस इन दिनों ऐसे लापरवाह वाहन मालिकों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है. पुलिस के मुताबिक, जिन लोगों ने 90 दिनों से अधिक समय से अपने बकाया चालान जमा नहीं किए हैं, उनकी गाड़ियां अब सीधे जब्त की जा रही हैं. इसके साथ ही, पुलिस ने साफ कर दिया है कि बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट वाले वाहनों पर भी आगे इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
ये भी पढ़ें:- मनाली से जयपुर जा रही वॉल्वो बस दुर्घटनाग्रस्त, 2 की मौत; 11 यात्री गंभीर रूप से घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं