Haryana News: दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल की शर्मनाक हरकत का मामला सामने आया है. गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी 32 वर्षीय रोनित यादव पर अपनी पूर्व प्रेमिका के साथ मारपीट करने और उसकी जान लेने की धमकी देने का आरोप लगा है. रोनित वर्तमान में दिल्ली में एक मेट्रो स्टेशन पर तैनात था. जानकारी के अनुसार, पीड़िता दिल्ली के एक कॉलेज में BBA की छात्रा है. वह पहले आरोपी के साथ रिश्ते में थी, लेकिन उसके व्यवहार के कारण उसने दूरी बना ली थी.
महिला का आरोप है कि गुरुवार (11 जून) को सुबह करीब 5 बजे रोनित नशे में धुत होकर उसकी जलवायु विहार स्थित सोसाइटी पहुंचा. जब परिवार ने दरवाजा खोलने से मना किया, तो उसने जबरन अंदर घुसने की कोशिश की. उसने न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि महिला की मां और 15 वर्षीय बहन को जान से मारने और दुष्कर्म की धमकी भी दी.
प्राइवेट वीडियो वायरल करने की धमकी
महिला ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब आरोपी ने उसके साथ ऐसा किया है. सितंबर 2025 में भी उसने पीड़िता के साथ मारपीट की थी. उस समय पुलिस में शिकायत दी गई थी, लेकिन रोनित ने पीड़िता का एक प्राइवेट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी, जिसके दबाव में आकर महिला को शिकायत वापस लेनी पड़ी थी. इस बार जब महिला सोसाइटी पहुंची, तो आरोपी ने सबके सामने उसके बाल पकड़कर थप्पड़ मारे और हाथापाई की.
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना के बाद जब आरोपी वहां से भागने लगा, तो सोसाइटी के सुरक्षा गार्डों ने गेट बंद कर उसे रोकने की कोशिश की. इस पर रोनित ने अपनी काली थार गाड़ी सीधे गेट से टकरा दी और गेट को तोड़कर फरार हो गया. पूरी घटना सोसाइटी में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया.
आरोपी को भेजा जेल
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोनित यादव को गिरफ्तार कर लिया है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया है. अदालत ने आरोपी की जमानत याचिका भी खारिज कर दी है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- Video : इंदौर में पार्किंग को लेकर विवाद में डॉक्टर ने महिला को बुरी तरह पीटा, वीडियो वायरल
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं