- गुरुग्राम गोल्फ कोर्स रोड हिट एंड रन मामले में आरोपी कल्याण बैंसला को दौसा से गिरफ्तार किया गया है.
- पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित कर आरोपी की पहचान के बाद लगातार छापेमारी कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की.
- पीड़िता सिया के पिता ने हत्या की कोशिश और उत्पीड़न के आरोपों को बढ़ाने के लिए पुलिस से आग्रह किया है.
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड हिट एंड रन मामले में आरोपी कल्याण बैंसला की गिरफ्तारी के बाद गुरुग्राम ईस्ट के DCP संदीप कुमार ने मामले को लेकर अहम जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जैसे ही पुलिस को घटना का वीडियो मिला, अधिकारियों ने स्वतः संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू कर दी. DCP संदीप कुमार के मुताबिक, वीडियो में दिखाई दे रही आरोपी की झलक के आधार पर उसकी पहचान की गई. जांच में पता चला कि आरोपी कल्याण बैंसला पलवल का रहने वाला है. इसके बाद उसकी तलाश के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गईं, जिन्होंने पूरी रात लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाया.
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में एक अन्य आरोपी लवनीश गुर्जर को भी बैंसला के साथ गिरफ्तार किया गया है. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है.
पुलिस ने बताया कि दूसरे व्यक्ति की भूमिका की अभी जांच की जा रही है. यह बात पक्की हो गई है कि घटना के समय वह आरोपी के साथ था. जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, उसकी भूमिका के बारे में और जानकारी दी जाएगी. DCP ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अश्लील टिप्पणियां की गई थीं. घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी आरोपी के एक दोस्त की है. उसने इस्तेमाल के लिए अपने दोस्त से गाड़ी ली थी. इसके बाद आरोपी अलग-अलग जगहों पर गया और आखिरकार राजस्थान के दौसा के पास पकड़ा गया.

पीड़िता सिया के पिता
पीड़िता ने NDTV को क्या बताया?
गुरुग्राम में हिट एंड रन केस की शिकार महिला बाइक राइडर सिया ने NDTV से आपबीती बताई है. उनका कहना है कि यह घटना ऐसी थी कि यदि मैंने जरूरी उपकरण नहीं पहने होते तो मेरी मौत भी हो सकती थी. सिया ने आरोपी कल्याण बैसला के उकसाने वाले दावों को गलत बताया और कहा कि ये लोग मेरा पीछा कर रहे थे. सिया ने कहा, 'मुझे डर लग रहा था, इसलिए मैं आगे बढ़ गई. फिर जब मैं आगे जाकर थोड़ा स्लो हो जाती हूं तो फिर मेरी बाइक को टक्कर मारते हैं. इसके बाद मैं गिर जाती हूं और वह भाग जाते हैं. वह रुकते भी नहीं हैं. इस मामले में उन पर हत्या के प्रयास की कोशिश होनी चाहिए.'
उस दिन क्या हुआ था
दरअसल, यह घटना गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड की है, जिसका वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ था. महिला बाइकर सिया चौहान बाइकर्स के अपने एक ग्रुप के साथ 'अप्रिलिया RS 457 स्पोर्ट्स' बाइक चला रही थी. लेकिन तभी एक कार उसका पीछा करने लगी. कार चला रहे कल्याण बैसला ने महिला बाइकर को रोकने का प्रयास किया. लेकिन जब महिला नहीं रुकी तो आरोपी ने बाइकर को टक्कर मार दी. महिला का कैमरा चालू था, ऐसे में यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई थी.
ये भी पढ़ें : मेरी मौत हो सकती थी, पुलिस ने 50 घंटे में एक्शन लिया; गुरुग्राम हॉरर की शिकार सिया ने NDTV से बताई आपबीती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं