- महिला बाइकर्स ने बताया कि उन्हें छेड़खानी, डराने-गिराने और अश्लील कमेंट जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है
- परिवार और समाज में भी कई बार लड़कियों के अकेले बाइक चलाने को लेकर चिंता और विरोध देखने को मिलता है
- बाइकर्स ने छेड़खानी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि हिंसा और उत्पीड़न को रोका जा सके
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर पिछले शुक्रवार को एक महिला बाइकर को टक्कर मारने की घटना के बाद एनडीटीवी ने पीड़िता सिया और देश की दूसरी बेटियों के साथ बाइक पर सफर और इस दौरान उससे जुड़ी समस्याओं के बारे में बात की. टीवी पर पहली बार 7 कैमरे, 7 लेडी बाइकर बेटियों के साथ मेगा-शो में इस तरह के सफर को लेकर खुलकर बात की. सिया ने NDTV पर बताया कि 13 सितंबर को उसके साथ क्या-क्या हुआ था.
गुरुग्राम हिट एंड रन को लेकर सुपर शो में इन बाइकर्स ने बताया कि सफर के दौरान एक महिला होने के नाते उन्हें कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. सड़कों पर कई बार लड़के उनके साथ छेड़खानी करते हैं. पास आकर डराने और गिराने की कोशिश करते हैं. यही नहीं वो फब्तियां कसने और कपड़े खींचने से भी बाज नहीं आते हैं.
उन्होंने कहा कि जो भी लड़कियां बाइकर बनना चाहती हैं, उन्हें शुरू से ही कई तरह की दिक्कतें आती हैं, घर में भी कई बार माता-पिता और रिश्तेदार इस बात को लेकर चिंता व्यक्त करते हैं कि लड़की है, अकेले सड़कों पर कैसे निकलेगी, वहीं लड़की है तो अकेले बाइक कैसे चलाएगी. उससे लड़कर लड़कियां जो सड़कों पर निकलती हैं, उन्हें सड़कों पर लोगों के बीच कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है.

लेडी बाइकर्स ने कहा कि सफर के दौरान मुश्किल होने पर जब वो साथ में बाइक या कार चला रहे युवकों को सही से गाड़ी चलाने, दो गाड़ियों के बीच दूरी रखने और अगर मुड़ना है तो इंडिकेटर जलाने को लेकर कहती हैं, तो उन्हें बुरा लग जाता है. वो इसे 'मेल इगो' जैसा लेकर बुरा मान जाते हैं और फिर उलझने लगते हैं.
वहीं सिया ने उस दिन की घटना को लेकर कहा कि कार में सवार चार लोग उनकी बाइक के बिल्कुल पास में आकर चल रहे थे. बार-बार मैंने उनसे दूरी बनाकर चलने को कहा. मैंने कहा कि तेज गाड़ी चलाने के दौरान पास रहने पर टक्कर हो सकती है और इससे कोई हादसा हो सकता है, लेकिन वो फिर भी ऐसा करते रहे. उन्होंने इसे अपने ईगो पर ले लिया और फिर कुछ देर बार वो मुझे टक्कर मारकर फरार हो गए.
सिया ने कहा कि उस टक्कर से मेरी जान भी जा सकती थी. भगवान का शुक्र है कि मैं आज ठीक हूं. उन्होंने कहा कि अब वो मुझपर विक्टिम कार्ड प्ले करने का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन घटना के दौरान के वीडियो में आप साफ देख सकते हैं कि कैसे दूसरे लेन से आकर उसने मुझे जानबूझकर टक्कर मारी.
बाइकर्स ने कहा कि सड़कों पर ऐसी चीजें रुकने चाहिए और जो ऐसा करते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि फिर से कोई ऐसा करने की हिम्मत न करे. उन्होंने कहा कि लड़कियां आज फाइटर जेट उड़ाने से लेकर खेल के मैदान तक, सभी फील्ड में देश का नाम बढ़ा रही हैं, ऐसे में ये सोचना कि सड़कों पर कोई लड़की बाइक लेकर कैसे निकल सकती है, सोचना गलत है और इसे बदलना होगा.
इसे भी पढ़ें: नशे में चूर, घमंड भरपूर... क्लब पार्टी से लौट रहा था गुरुग्राम में सिया को टक्कर मारने वाला बैंसला, 2 KM तक किया था पीछा
इसे भी पढ़ें: 'अश्लील टिप्पणियां भी की गई थीं', गुरुग्राम हिट एंड रन केस में पुलिस का बड़ा खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं