विज्ञापन

'बातचीत के जरिए समाधान की तरफ बढ़ेंगे', केंद्र सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों को दिया प्रस्ताव

छात्रों के आंदोलन के बीच केंद्र सरकार ने बातचीत का रास्ता खुला रखने का संकेत दिया है. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार छात्रों की सभी मांगों और मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है.

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह
  • सरकार ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत के लिए 4 बार औपचारिक प्रस्ताव भेजे हैं
  • केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि सरकार किसी भी समय और स्थान पर छात्रों से बातचीत के लिए तैयार है.
  • बातचीत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के कार्यालय या आवास पर हो सकती है और दोनों मंत्री मौजूद रहेंगे.

नीट पेपर लीक मामले के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए सरकार ने एक बार फिर बातचीत का प्रस्ताव दिया है. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को कहा है कि सरकार सभी मुद्दों पर किसी भी समय, किसी भी जगह बातचीत के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि सरकार बुधवार दोपहर से अब तक सीजेपी के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के लिए चार बार औपचारिक प्रस्ताव भेज चुकी है.

सभी युवा दोस्तों के लिए एक खुला निमंत्रण है : जितेंद्र सिंह

जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह हमारे सभी युवा दोस्तों के लिए एक खुला निमंत्रण है कि सरकार आपसे सभी मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार है. हम अपनी प्रतिष्ठा या सम्मान को आड़े नहीं आने देंगे. बातचीत के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मैं मौजूद रहेंगे. धीरे-धीरे, बातचीत के जरिए हम समाधान की ओर बढ़ेंगे. बातचीत जेपी नड्डा के दफ़्तर या आवास पर हो सकती है.

आप आएं और बातचीत करें- जितेंद्र 

उन्होंने आगे कहा कि यह छात्रों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे लगातार कदमों की एक कड़ी है. मैं आप सभी से विनम्रतापूर्वक अपील करता हूं कि आप आएं और बातचीत करें. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार ने कल से बातचीत के लिए चार प्रस्ताव भेजे हैं. उन्होंने 'कॉकरोच जनता पार्टी' और प्रदर्शनकारी छात्रों तक पहुंचने की कोशिश करते हुए फिर से कहा कि सरकार "किसी भी समय, किसी भी जगह" बातचीत के लिए तैयार है.

इससे पहले जेपी नड्डा के आवास पर पहुंचे CJP के प्रदर्शनकारियों ने उनसे मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा था. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों की सूची भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को दी और उन पर कार्रवाई की मांग की थी. 

जंतर-मंतर पर चल रहे CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) और छात्रों के आंदोलन 31वें दिन में प्रवेश कर चुका है. प्रदर्शनकारी NEET पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं.

CJP और सरकार के बीच बातचीत का दूसरा दौर करने के लिए कोई बीच का रास्ता नहीं निकल पाया है. सूत्रों का कहना है कि CJP सरकारी प्रतिनिधि से मिलने के लिए किसी सरकारी आवास या दफ़्तर जाने को तैयार नहीं हैं. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कल CJP के साथ बातचीत करने की सरकार की इच्छा जाहिर की थी.

ये भी पढे़ं : जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बीच उत्तराखंड में हो गया पेपर लीक, दो एग्जाम हुए रद्द

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cockroach Janta Party, Student Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com