विज्ञापन

यूपी में गंगा-यमुना एक्सप्रेसवे लिंक का ऐलान, नोएडा-बुलंदशहर से मेरठ-प्रयागराज तक मिलेगी तेज रफ्तार, जेवर एयरपोर्ट भी जुड़ेगा

उत्तर प्रदेश सरकार ने गंगा और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए विकासकर्ता एजेंसी के चयन को मंजूरी दी है. यह दिल्ली एनसीआर में बुलंदशहर, नोएडा से मेरठ-प्रयागराज तक तेज रफ्तार देगा.

यूपी में गंगा-यमुना एक्सप्रेसवे लिंक का ऐलान, नोएडा-बुलंदशहर से मेरठ-प्रयागराज तक मिलेगी तेज रफ्तार, जेवर एयरपोर्ट भी जुड़ेगा
Ganga-Jewar Link Expressway Noida
नोएडा:

उत्तर प्रदेश सरकार ने गंगा एक्सप्रेसवे के विस्तार को मंजूरी दे दी है और अब गौतम बुद्ध नगर जिले का ग्रेटर नोएडा हिस्सा भी इससे कनेक्ट होगा. यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट गंगा-जेवर लिंक एक्सप्रेसवे को मंजूरी दी गई है. इसके तहत गंगा एक्सप्रेसवे को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा.गंगा लिंक एक्सप्रेसवे की निर्माण एजेंसी को चिन्हित करने के लिए यूपी कैबिनेट ने अपनी मंजूरी दे दी है.गंगा लिंक एक्सप्रेसवे 74.5 किमी लंबा है और इसकी लागत 8586 करोड़ रुपये आंकी गई है. यमुना एक्सप्रेसवे पर प्रस्तावित नई फिल्म सिटी सेक्टर 21 के करीब ये कनेक्ट होगा. इसकी मेन रोड की चौड़ाई 80 मीटर के करीब रखी गई है और सर्विस रोड मिलाकर यह चौड़ाई 130 मीटर तक बढ़ाई गई है. 

यमुना अथॉरिटी और बुलंदशहर का साझा एक्सप्रेसवे

यमुना विकास प्राधिकरण और बुलंदशहर में यह एक्सप्रेसवे दो चरणों में पूरा किया जाएगा. इसे भी ईपीसी मोड में तैयार किया जाएगा. गंगा लिंक एक्सप्रेसवे के लिए यमुना अथॉरिटी ने अपने क्षेत्र में 92 फीसदी किसानों की जमीन की सहमति हासिल कर ली है. इस एक्सप्रेसवे के अलाइनमेंट से कुछ गांवों में आबादी की भूमि मिलने पहले रुकावट आई थी, लेकिन अब भूमि अधिग्रहण कानून के तहत उचित मुआवजे के साथ जमीन ली जाएगी.रबूपुरा और बुलंदशहर के कुछ गांवों में एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण के मसले को जल्द सुलझाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे. बाकी किसानों से जमीन लेने के लिए भूमि अधिग्रहण कानून के तहत प्रशासन कवायद तेज करेगा.यमुना अथॉरिटी एसीईओ राजेश कुमार सिंह ने कहा कि यीडा क्षेत्र में 92 फीसदी और बुलंदशहर जिले में 70 फीसदी आवश्यक भूमि लिंक एक्सप्रेसवे के लिए खरीदी जा चुकी है.

यूपी में बनेगा एक्सप्रेसवे नेटवर्क

उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ और पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे, झांसी लिंक एक्सप्रेसवे और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे के लिए विकासकर्ता कंपनी के चयन को मंजूरी दी थी. इन एक्सप्रेसवे पर 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक राशि खर्च होगी. इससे बुंदेलखंड, पूर्वांचल, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे आपस में कनेक्ट हो जाएंगे.उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA)इस गंगा-जेवर लिंक एक्सप्रेसवे या जेवर-गंगा एक्सप्रेसवे लिंक को बना रहा है, जो दिल्ली एनसीआर में कनेक्टिविटी का नया जरिया बनेगी. 

गंगा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे का लिंक

ये ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यमुना एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे से सीधे कनेक्ट करेगा.इससे मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़ और वेस्ट यूपी के अन्य शहरों को बिना दिल्ली या नोएडा के ट्रैफिक में फंसे सीधे जेवर एयरपोर्ट और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे कॉरिडोर हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी.ये उत्तर प्रदेश के दो सबसे बड़े एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा. गंगा एक्सप्रेसवे पर बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र के पास बिचौला, बहापुर से ये शुरू होगा. यमुना एक्सप्रेसवे के 25 किलोमीटर के पास सेक्टर-21 फिल्म सिटी और जेवर एयरपोर्ट के पास ये कनेक्ट होगा. यह बुलंदशहर के स्याना, शिकारपुर, खुर्जा और नोएडा की जेवर तहसील के 56 गांवों से होकर गुजरेगा.

ये भी पढ़ें - यूपी कैबिनेट ने दी 4 लिंक एक्सप्रेसवे को मंजूरी, बुंदेलखंड-पूर्वांचल, गंगा समेत 4 एक्सप्रेसवे का बनेगा महानेटवर्क

दो चरणों में बनेगा गंगा लिंक एक्सप्रेसवे

पैकेज-1 में गौतम बुद्ध नगर के भैंपुर ब्राह्मण से बुलंदशहर के बिचौला तक 24.5 किमी लंबी सड़क 2107 करोड़ रुपये से बनाई जाएगी. पैकेज-2 में बुलंदशहर की स्याना तहसील में बिचौला से बहापुर की 50 किमी की सड़क 2126 करोड़ से बनेगी. यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने 1209 करोड़ का विशेष बजट रखा है.

बुलंदशहर से प्रयागराज-मेरठ तक कनेक्टिविटी

इस 6 लेन के एक्सप्रेसवे को 8 लेन तक अपग्रेड किया जा सकेगा.यमुना एक्सप्रेसवे और गंगा लिंक एक्सप्रेसवे के ज्वाइंट पर ट्रैफिक जाम से बचने के लिए एक बहुत बड़ा इंटरचेंज बन रहा है.इससे मेरठ और हापुड़ से नोएडा एयरपोर्ट पहुंचने का समय घटकर 1 से 1.5 घंटा रह जाएगा.यमुना सिटी के इंडस्ट्रियल सेक्टर (28-29, 32-33) से यह कनेक्टिविटी के कारण माल ढुलाई आसान होगी.बुलंदशहर और खुर्जा जैसे इंडस्ट्रियल को दिल्ली, नोएडा एयरपोर्ट और गंगा एक्सप्रेसवे के जरिये प्रयागराज-मेरठ तक कनेक्टिविटी मिलेगी.

ये भी पढ़ें - बुलंदशहर-जेवर लिंक एक्सप्रेसवे का सर्वे शुरू, 74 KM के रूट में 56 गांव; दिल्ली-नोएडा का सफर होगा तेज
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ganga-Jewar Link Expressway, Jewar-Ganga Link Expressway, Ganga Expressway, Yamuna Expressway, Yamuna Authority
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com