विज्ञापन

गंगा एक्सप्रेसवे ने पकड़ी रफ्तार, प्रयागराज से हरिद्वार तक सुपरफास्ट कनेक्टिविटी, लखनऊ, गोरखपुर, बनारस को फायदा

Ganga Expressway Expansion: गंगा एक्सप्रेसवे के 6-लेन विस्तार का काम तेजी से चल रहा है. गंगा एक्सप्रेसवे से हरिद्वार तक का सफर सिर्फ 1.5 घंटे में पूरा होगा, जो यूपी और उत्तराखंड के बीच सुपरफास्ट कनेक्टिविटी देगा.

गंगा एक्सप्रेसवे ने पकड़ी रफ्तार, प्रयागराज से हरिद्वार तक सुपरफास्ट कनेक्टिविटी, लखनऊ, गोरखपुर, बनारस को फायदा
गंगा एक्सप्रेसवे ने पकड़ी रफ्तार, हरिद्वार तक कनेक्टिविटी होगी सुपरफास्ट (फोटो:NDTV ग्राफिक्स)
  • मेरठ से हरिद्वार के बीच 147 किलोमीटर लंबा छह लेन का गंगा एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है, जिससे यात्रा समय घटेगा.
  • इस एक्सप्रेसवे के बनने से मेरठ से हरिद्वार का सफर तीन घंटे से घटकर डेढ़ घंटे में पूरा हो जाएगा.
  • गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार यूपी के मेरठ से उत्तराखंड के हरिद्वार तक होगा.

मेरठ से हरिद्वार का सफर गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए 3 घंटे की जगह महज 1.5 घंटे में पूरा हो जाएगा. क्योंकि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सरकारों के बीच इसका एमओयू साइन हो चुका है. ऐसे में यूपी के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे का हरिद्वार तक विस्तार का रास्ता साफ हो चुका है. यह हाईवे उत्तराखंड से उत्तर प्रदेश के बीच एक सुपरफास्ट कनेक्टिविटी देगा. जिसका सबसे ज्यादा फायदा पर्यटन और धार्मिक यात्रा करने वाले यात्रियों को मिलेगा. मेरठ से हरिद्वार के बीच 147 किलोमीटर लंबे नए एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को 6 लेन में तैयार किया जा रहा है, जिससे ट्रैफिक जाम से पूरी तरह निजात मिलेगी. ऐसे में दोनों शहरों के बीच वाहनों को ट्रैफिक जाम में नहीं फंसना होगा.

लखनऊ से हरिद्वार का सफर 6.5 घंटे में होगा

इसका सबसे बड़ा फायदा पूर्वी यूपी के लोगों को मिलेगा, लखनऊ, गोरखपुर, बनारस, प्रयागराज से हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालु गंगा एक्सप्रेसवे से सीधे मेरठ और फिर वहां से बिना रुके हरिद्वार पहुंच सकेंगे. अनुमान है कि लखनऊ से हरिद्वार का सफर सिर्फ 6.5 घंटे में पूरा हो जाएगा. पहले दोनों शहरों के बीच यात्रा में करीब 9 घंटे से भी ज्यादा का समय लग जाता था, लेकिन मेरठ से विस्तार होने के बाद वाहनों की रफ्तार तेज होगी, क्योंकि शहरी ट्रैफिक में नहीं फंसना होगा. ऐसे में लखनऊ से हरिद्वार तक अब सुपरफास्ट कनेक्टिविटी मिलेगी.

यूपी-उत्तराखंड के बीच होगा विस्तार 

गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार उत्तर प्रदेश के मेरठ और उत्तराखंड के हरिद्वार के बीच होगा. इसकी शुरुआत गंगा एक्सप्रेसवे के मेरठ-बुलंदशहर इंटरचेंज से होगी, जहां यह  एक्सप्रेसवे मेरठ, बुलंदशहर, अमरोहा और बिजनौर होते हुए हरिद्वार के मंगलौर के पास उत्तराखंड बॉर्डर को जोड़ देगा. इसकी कुल लंबाई 147 किलोमीटर होगी. इसमें लगभग 117 किमी हिस्सा उत्तर प्रदेश में और करीब 30 किमी हिस्सा उत्तराखंड में पड़ेगा. राज्य सरकारों की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक फिलहाल यह 6 लेन एक्सप्रेसवे होगा, लेकिन इसे भविष्य में 8-लेन तक बढ़ाया जा सकेगा. इसकी अनुमानित लागत करीब 10,761 करोड़ रुपये है, जिसका वहन उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से किया जाएगा, उत्तराखंड सरकार इसमें कोई खर्च नहीं करेगी. हालांकि उत्तराखंड सरकार भूमि अधिग्रहण और यूटिलिटी शिफ्टिंग में सहयोग करेगी.

यूपी-उत्तराखंड के इन शहरों को फायदा

  • मेरठ 
  • बुलंदशहर
  • अमरोहा
  • बिजनौर
  • प्रयागराज
  • प्रतापगढ़
  • रायबरेली 
  • उन्नाव
  • हरिद्वार
  • देहरादून
  • ऋषिकेश

पूर्वी-पश्चिमी यूपी की कनेक्टिविटी

गंगा एक्सप्रेसवे के विस्तार से पूर्वी से पश्चिमी यूपी तक बड़ा फायदा होगा. मेरठ-बुलंदशहर-अमरोहा-बिजनौर के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी. नया लिंक एक्सप्रेसवे इन जिलों को सीधे हरिद्वार से जोड़ेगा, बिजनौर के 109 गांवों की जमीन इस प्रोजेक्ट में आ रही है, जिसमें सदर के 62, चांदपुर के 34 और नजीबाबाद के 13 गांव शामिल हैं. अमरोहा के 52 गांवों के करीब 950 किसानों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी.

गंगा एक्सप्रेसवे विस्तार की डीपीआर जल्द होगी तैयार

इस प्रोजेक्ट को अगस्त 2026 में यूपी और उत्तराखंड कैबिनेट से पहले ही मंजूरी मिल चुकी है, जबकि अब सर्वे का काम शुरू हो गया है और जल्द ही डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार होगी. DPR के बाद जमीन अधिग्रहण और निर्माण की प्रक्रिया तेज होगी. बिजनौर में चांदपुर तहसील के 34 गांवों में किसानों से सहमति पत्र भरवाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, राजस्व विभाग को फसली वर्ष 1359 की खतौनी से मिलान करने के निर्देश दिए गए हैं. अमरोहा में किसानों को सर्किल रेट से चार गुना तक मुआवजा देने का प्रस्ताव लखनऊ भेजा गया है. जिससे किसानों को भी बड़ा फायदा होगा. 

ये भी पढे़ंः दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे ने पकड़ी रफ्तार, वडोदरा-विरार सेक्शन पर काम शुरू, यूपी-एमपी से राजस्थान तक 1040 KM की हाईस्पीड कनेक्टिविटी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ganga Expressway, Ganga Expressway Cities, Haridwar Expressway, Uttarakhand Expressway, Meerut Haridwar Connectivity
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com