- अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का सम्मान करने पर बल दिया
- ब्लिंकन के अनुसार भारत और अमेरिका के संबंध वैश्विक हैं जबकि पाकिस्तान के साथ संबंध क्षेत्रीय हैं
- ब्लिंकन ने कहा कि भारत-रूस के गहरे संबंधों को अमेरिका समाप्त नहीं करना चाहता और इसे समझदारी से संभालना चाहिए
अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने शनिवार को कहा कि उनके देश को भारत की आत्मरक्षा के अधिकार का सम्मान करना चाहिए और आतंकवाद के प्रति 'नो टोलरेंस' नीति अपनानी चाहिए. उन्होंने इसी के साथ कहा कि अमेरिका के भारत और पाकिस्तान के साथ संबंधों में ‘मौलिक अंतर' है. ब्लिंकेन ने कहा कि ‘‘भारत एक वैश्विक शक्ति है और अमेरिका का उसके साथ संबंध और साझा हित वास्तव में वैश्विक प्रकृति के हैं.''
पाकिस्तान पर खींच दी रेखा
पाकिस्तान से संबंधों पर ब्लिंकन ने नयी दिल्ली में आयोजित ‘हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2026' में कहा, ‘‘पाकिस्तान के साथ संबंध क्षेत्रीय हैं, और अब भी कई महत्वपूर्ण क्षेत्र ऐसे हैं जहां हमें उनके साथ मिलकर काम करने की जरूरत है, विशेष रूप से आतंकवाद से निपटने के मामले में , लेकिन ये संबंध मूल रूप से बिल्कुल अलग तरह के हैं. आतंकवाद के प्रति हमारी कतई बर्दाश्त नहीं की नीति होनी चाहिए. इसका अभिप्राय है कि हमें भारत के अपनी रक्षा करने के अधिकार का सम्मान करना होगा.''
भारत से संबंधों पर की बड़ी बात
ब्लिंकन ने कहा कि अमेरिका की रणनीति में भारत के उन प्रयासों का समर्थन शामिल होना चाहिए जो हमलों का जवाब देने के लिए किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इसके साथ ही परमाणु हथियार संपन्न दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव को और बढ़ने से रोकने के लिए कूटनीतिक प्रयास भी शामिल होने चाहिए. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के पास मौजूद हथियारों की विनाशकारी क्षमता के मद्देनजर तनाव को बढ़ने से रोकने के प्रयास महत्वपूर्ण हैं. ब्लिंकन ने पाकिस्तान के साथ अमेरिका के पूर्व संबंधों का संदर्भ देते हुए कहा कि शीत युद्ध और अफगानिस्तान युद्ध के दौरान अमेरिकी रणनीतिक हितों की वजह से, शायद अलग-अलग अमेरिकी प्रशासनों ने पाकिस्तान के नागरिक-सैन्य तंत्र की कम आलोचना की हो.
भारत-रूस रिश्तों पर अमेरिका का रुख
भारत के साथ संबंधों पर पूर्व विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘निश्चित रूप से अमेरिका के पास और अधिक करने का अवसर है. हम दूरियों से निकलकर एक सच्ची और कुछ मायनों में अनोखी साझेदारी तक पहुंचे हैं, जो साझा रणनीतिक हितों पर आधारित है. बेशक, इसके मूल में हमारे समाजों के बीच लोगों के आपसी गहरे संबंध भी हैं. अगला कदम अंतरिक्ष, तकनीक, क्वांटम और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्रों में मिलकर काम करने की हमारी क्षमता और तकनीकी सहयोग का है. कुछ ऐसे मुद्दे होंगे जहां हमारे नजरिए अलग-अलग हो सकते हैं. जहां तक रूस से रिश्तों का विषय है, तो हम समझते हैं कि भारत और रूस के बीच एक गहरे जुड़ाव का इतिहास रहा है. इसलिए, हम नहीं चाहते कि वे इसे खत्म करें.''
एंटनी ब्लिंकन कब रहे विदेश मंत्री
ब्लिंकन ने राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल (2021 से 2025) में अमेरिका के 71वें विदेश मंत्री के रूप में काम किया था. उन्होंने इस बात पर भी चर्चा की कि बदलती वैश्विक व्यवस्था किस तरह अमेरिका को प्रभावित करती है. इसमें देश के भीतर के राजनीतिक घटनाक्रमों और मध्यावधि चुनावों का अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर पड़ने वाला असर भी शामिल है. उन्होंने वैश्विक मामलों के प्रति मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के दृष्टिकोण, और अमेरिकी राजनीति में आए बदलावों के, सहयोगियों और साझेदारों के साथ संबंधों पर पड़ने वाले व्यापक प्रभावों के बारे में बात की.
यह भी पढ़ें | अमेरिका में एयर ट्रैफिक कब तक सामान्य होगा? यात्रियों को रिफंड मिलेगा या नहीं; जानिए सारे अपडेट्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं