विज्ञापन

भगवान राम ने हमें अयोध्या से आशीर्वाद दिया, धन्यवाद देने तो जाना ही पड़ेगा: अखिलेश यादव

हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2026 में अखिलेश यादव ने रामलला के दर्शन और कांग्रेस के साथ संभावित सीट समझौते को लेकर अपनी बात कही.

भगवान राम ने हमें अयोध्या से आशीर्वाद दिया, धन्यवाद देने तो जाना ही पड़ेगा: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने अयोध्या जाने को लेकर बड़ा बयान दिया है.
  • उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति बनाने में व्यस्त हैं
  • समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव जल्द अयोध्या जाकर प्रभु रामलला के दर्शन और आशीर्वाद के लिए जाएंगे
  • उन्होंने कहा कि अयोध्या के मतदाताओं ने भाजपा की कम्यूनल पॉलिटिक्स को अस्वीकार कर बदलाव का संदेश दिया है

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. सभी दल अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी जल्द अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने वाले है. हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2026 में उन्होंने कहा कि हालिया चुनावों में मिले जनसमर्थन को वह प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद मानते हैं और इसके लिए अयोध्या जाकर धन्यवाद देना चाहते हैं. इस दौरान उन्होंने भाजपा की राजनीति पर भी निशाना साधा. वहीं कांग्रेस के साथ संभावित सीट बंटवारे को लेकर भी बड़ा संकेत दिया. अखिलेश ने दावा किया कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है.

क्या बोले अखिलेश यादव?

अखिलेश यादव ने कहा, "हमको हाल ही के चुनाव में प्रभु श्रीराम ने जो आशीर्वाद दिया है, अयोध्या जाकर उस आशीर्वाद का धन्यवाद तो देना ही पड़ेगा. वहां कौन नहीं झुकेगा, जिसको आशीर्वाद मिला हो. सबसे बड़ी बात यह है कि जहां से भारतीय जनता पार्टी ने कम्यूनल पॉलिटिक्स शुरू की थी, वहां अयोध्या के लोगों ने, वहां के समझदार मतदाताओं ने भारतीय जनता पार्टी की जो कम्यूनल पॉलिटिक्स है, उसे खत्म करने का काम किया है. एक संदेश दिया है कि बदलाव आने वाला है और बदलाव के लिए तैयार रहें."

उन्होंने आगे कहा, "पीडीए में जो... क्योंकि मैं विस्तार करता हूं पीडीए का, लोग सोचते हैं कि मैं पीडीए को बार-बार बदलता हूं. तो पीडीए का जो इस बार मैंने निकाला है, वह यह है कि 'पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद'. आशीर्वाद लेने मैं पहुंचूंगा."

कांग्रेस के साथ सीट समझौते पर भी दिया संकेत

अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ संभावित गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर भी चर्चा की. उन्होंने अपने अंदाज में खुलासा करते हुए दावा किया कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है. उनके इस बयान के बाद 2027 के चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं.

यह भी पढ़ें | यूपी चुनाव में कांग्रेस ने सपा से कितनी सीटें मांग लीं, अखिलेश यादव ने खुद बताया आंकड़ा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akhilesh Yadav, Ram Mandir, Samajwadi Party
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com