भारत अंडर-19 ने एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को 1 विकेट से हराकर रिकॉर्ड 9वीं बार खिताब अपने नाम किया. 338 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत एक समय हार के करीब पहुंच गया था, लेकिन नंबर-10 बल्लेबाज मोहित उल्वा ने 26 गेंदों में नाबाद 49 रन की यादगार पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी. मैच के बाद मोहित ने अपनी सफलता का श्रेय भगवान पर विश्वास, खुद के आत्मविश्वास और मनाल चौहान के सपोर्ट को दिया.
'मुझे पता था आज मेरा दिन है'
फाइनल में भारत की जीत के हीरो रहे मोहित उल्वा ने कहा कि उन्हें आखिरी ओवर तक खुद पर भरोसा था. उन्होंने कहा, 'मुझे आखिरी ओवर में भगवान पर विश्वास था. मैं खुद को एक ऑलराउंडर मानता हूं. यह टूर्नामेंट मेरे लिए अच्छा नहीं गया था, लेकिन मुझे यकीन था कि मैं फाइनल में टीम के लिए कुछ खास कर सकता हूं.'
मोहित ने कहा कि उन्हें मनाल चौहान का पूरा समर्थन मिला और उसी ने टीम की वापसी की नींव रखी. उन्होंने कहा, 'मुझे मनाल के सहयोग की जरूरत थी और उन्होंने वह दिया. मुझे पता था कि आज मेरा दिन है और मैं टीम को जीत दिलाकर ही लौटूंगा.'
मनाल-मोहित की साझेदारी ने पलटा मैच
भारतीय टीम 252 रन पर 8 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी और पाकिस्तान जीत का प्रबल दावेदार नजर आ रहा था. ऐसे समय में मनाल चौहान और मोहित उल्वा ने 9वें विकेट के लिए 35 गेंदों में 57 रन जोड़कर मैच का रुख बदल दिया. मनाल ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए, जबकि मोहित ने आखिरी तक टिककर पाकिस्तान के हाथों से जीत छीन ली.
'अगर वे बना सकते हैं तो हम भी बना सकते हैं'
मोहित ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों को अपनी बल्लेबाजी क्षमता पर पूरा भरोसा था. उन्होंने कहा, 'यह बल्लेबाजी के लिए अच्छी विकेट थी. हम खुद से यही कह रहे थे कि अगर पाकिस्तान इतने रन बना सकता है तो हम भी बना सकते हैं. हमें अपनी बल्लेबाजी पर भरोसा था और उसी विश्वास ने हमें जीत दिलाई.'
नंबर-10 पर मिला सफलता का खास कनेक्शन
मोहित ने मजाकिया अंदाज में कहा कि नंबर-10 उनके लिए लकी साबित हुआ है. उन्होंने कहा, 'नंबर-10 मेरे लिए काफी भाग्यशाली रहा है, क्योंकि मेरे लगभग सभी रन इसी क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए आए हैं.'
कैसे जीता भारत ने फाइनल?
337 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को आर्यवीर सहवाग (58) और कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी (80) ने शानदार शुरुआत दिलाई. हालांकि मध्यक्रम के लड़खड़ाने के बाद टीम संकट में फंस गई. अन्वय द्रविड़ के रन आउट होने के बाद भारत की स्थिति बेहद खराब हो गई थी, लेकिन मनाल चौहान (47) और मोहित उल्वा (49*) ने असंभव दिख रही जीत को संभव बना दिया. आखिरी गेंद पर जब भारत को 3 रन चाहिए थे, तब मोहित ने चौका लगाकर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं