- Flydubai फ्लाइट पर मौजूदा इंडियन कैप्टन स्मित माच्छर का सऊदी के तबुक में इलाज चल रहा है.
- स्मित माच्छर के बचपन के दोस्त ने भावुक होकर कहा- हम बहुत चिंतित हो गए थे.
- स्मित मच्छार के परिवार के एक पड़ोसी बुजुर्ग एनडीटीवी के साथ बातचीत में बेहद भावुक हो गए.
"हमें स्मित मच्छार पर बहुत गर्व है कि वो यहां पैदा हुआ. उन्होंने हमारे देश के लिए बहुत अच्छा काम किया है. स्मित बहुत ही शांत और संयम किस्म का लड़का है. घटना के बारे में सुनने के बाद मैं स्मित को लेकर बहुत चिंतित हो गया था." ये कहना है कैप्टन स्मित मच्छार के बचपन के दोस्त प्रतीक गांधी का. NDTV के साथ बातचीत में उन्होंने बताया कि हम लोग मुंबई में एक ही सोसायटी की बिल्डिंग में रहते थे और जब घटना के बारे में जानकारी मिली तो मैं बहुत चिंतित हो गया.
स्मित मच्छार Flydubai की उस फ्लाइट पर कैप्टन के रूप में मौजूद थे, जो बुधवार को दुबई से इजरायल जा रही थी और अचानक ऐसी घटना हुई कि पूरी दुनिया की निगाहें उस फ्लाइट पर टिक गईं. मीडिया रिपोर्ट्स में मिली जानकारी के मुताबिक, स्मित के साथ फ्लाइट उड़ा रहे को-पायलट ने प्लेन को हाईजैक करके क्रैश करने की कोशिश की लेकिन इंडियन पायलट स्मित मच्छार ने सूझ-बूझ के साथ स्थिति संभाली और करीब 180 पैसेंजर्स की जान बचाई.
यह भी पढ़ें : फ्लाईदुबई हाईजैक साजिश: एक आम इजरायली ने प्लेन चलाना कैसे सीखा? नेतन्याहू मिलने पहुंचे तो खुद बताया
'हम लगातार अपडेट ले रहे...'
स्मित मच्छार के बचपन के दोस्त प्रतीक गांधी बताया, "हम बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं. हम एक-दूसरे के पड़ोसी थे. हम दोनों का परिवार एक ही जगह रहता था. दस साल से हम कॉन्टैक्ट में नहीं हैं क्योंकि वे दूसरी बिल्डिंग में शिफ्ट हो गए थे. लेकिन हम दोनों साथ में बड़े हुए हैं."
उन्होंने आगे कहा कि घटना के बारे में पता चलने के बाद हमने स्मित की हालत जानने की कोशिश की. शुरुआत में कुछ पता नहीं चल पा रहा था. हम अभी भी लगातार अपडेट्स ले रहे हैं. हम उनके परिवार के साथ टच में नहीं हैं. घटना के बाद उनके परिवार के लोग सऊदी के लिए निकल गए.
यह भी पढ़ें : Flydubai हाईजैक साजिशः घायल पायलट की पत्नी से PM मोदी ने की बात, सऊदी में चल रहा इलाज- बड़े अपडेट्स
इमोशनल हो गए स्मित के पड़ोसी
कैप्टन स्मित मच्छार का परिवार जिस सोसायटी में रहता है, वहीं पड़ोस के रहने वाले एक बुजुर्ग एनडीटीवी के साथ बात करते हुए भावुक हो गए. उन्होंने भीगी आवाज में कहा, "स्मित हमारे लड़के जैसा है, उसके हमने खेलते हुए देखा है. बहुत दयालु परिवार है. पूरी सोसायटी स्मित पर गर्व महसूस कर रही है. मैं उनके पिता को जानता हूं. उनके पिता, उनकी दादी सब बहुत अच्छे लोग हैं."
बुजुर्ग ने आगे कहा कि वे बड़े दिल के लोग हैं. मेरा कुछ पैसा बकाया था, जब मैं उनके परिवार को देने के लिए गया, तो उन्होंने नहीं लिया.
सऊदी पहुंचा स्मित का परिवार...
कैप्टन स्मित मच्छार का परिवार मौजूदा वक्त में सऊदी अरब के तबुक में हैं. घटना के बाद जब पैरेंट्स को पता चला कि स्मित का इलाज तबुक के एक हॉस्पिटल में चल रहा है, तो परिवार के लोग मुंबई से सऊदी के लिए निकल गए. सूत्रों के मुताबिक, यह भी जानकारी मिली है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार की पत्नी और माता-पिता से बात की है. पीएम ने पैसेंजर्स की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित की बहादुरी की तारीफ की. नरेंद्र मोदी ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारतीय मिशन हर मुमकिन मदद पहुंचा रहे हैं.
यह भी पढ़ें : ये हैं 'फ्लाईदुबई' फ्लाइट के चार 'हीरो', जिनकी हिम्मत और कोशिश से बच गईं 174 जिंदगियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं