यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन यानी यूपीएससी के 100 साल पूरे होने के मौके पर दिल्ली के भारत मंडपम में शताब्दी समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम के संबोधन की शुरुआत में ही कैप्टन स्मित मच्छार को याद किया, जो Flydubai की उस फ्लाइट में पायलट के तौर पर मौजूद थे, जिसके साथ बुधवार को भयावह घटना हुई. पीएम मोदी ने यूपीएससी पर कुछ बोलने से पहले ही घटना का जिक्र करते हुए कहा, "कल (बुधवार) जो एक घटना घटी और भारत के कैप्टन स्मित ने जिस प्रकार से धैर्य, सूझ-बूझ और साहस का परिचय करवाया... स्मित का ये पराक्रम हमें गौरव से भर देता है.
पीएम नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, "स्मित के पिता भूपेंद्र भाई, उनकी माता गीता बहन और उनकी पत्नी बहन सोनल से आज मेरी बातचीत हुई. आज पूरी दुनिया उन पर गर्व कर रही है."
नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, "मैं देशवासियों से प्रार्थना करता हूं कि हम सब स्मित के दीर्घायु और स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करें और भारत का गौरव बढ़ाने वाले भाई स्मित का अभिनंदन करें."
यह भी पढ़ें : 'हमें स्मित पर गर्व है, देश के लिए अच्छा काम किया': Flydubai फ्लाइट के कैप्टन मच्छार के बचपन के दोस्त
सऊदी पहुंचा स्मित का परिवार...
कैप्टन स्मित मच्छार का परिवार मौजूदा वक्त में सऊदी अरब के तबुक में हैं. घटना के बाद जब पैरेंट्स को पता चला कि स्मित का इलाज तबुक के एक हॉस्पिटल में चल रहा है, तो परिवार के लोग सऊदी के लिए निकल गए. सूत्रों के मुताबिक, यह भी जानकारी मिली है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार की पत्नी और माता-पिता से बात की है. पीएम ने पैसेंजर्स की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित की बहादुरी की तारीफ की. नरेंद्र मोदी ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारतीय मिशन हर मुमकिन मदद पहुंचा रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं