- दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट के चार हीरो, जिन्होंने 174 लोगों की जान बचाई
- पायलट स्मित मच्छार घायल होने के बावजूद विमान पर कंटोल बनाए रहे
- यात्री यानीव हायुन ने कॉकपिट में घुसकर हमलावर को पकड़कर विमान को सुरक्षित किया था
दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में बुधवार को जो कुछ भी हुआ उसकी चर्चा दुनियाभर में हो रही है. कैसे कुछ लोगों की हिम्मत की वजह से फ्लाइट में मौजूद 174 यात्रियों की जान बचा ली गई. वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था. इस हादसे को नाकामयाब करने के लिए भारतीय पायलट और इजरायली यात्री यानीव हायुन की जमकर तारीफ हो रही है. लेकिन ये बहुत ही कम लोगों को पता है कि हवा में खेले गए उस खूनी खेल को नाकाम करने वाले एक या दो नहीं बल्कि पूरे चार हीरो में.
पायलट के साथ ही तीन इजरायली यात्रियों की हिम्मत की वजह से ही विमान को हादसे का शिकार होने से बचाया जा सका. दूसरे यात्री फ्लाइट के इन सभी हीरो की जमकर तारीफ कर रहे हैं. टाइमम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, बेन गुरियन एयरपोर्ट सुरक्षित पहुंचे यात्रियों ने फ्लाइट के उन सभी हीरो के बारे में बताया., जिनकी कोशिशों की वजह से वे सभी सुरक्षित थे.
- पहले हीरो- पायलट स्मित मच्छार
- दूसरे हीरो- कॉकपिट में हमलावर को काबू करने वाले यानीव हायुन
- तीसरे हीरो- घायल पायलट का इमरजेंसी मेडिकल ट्रीटमेंट करने वाले इजराइली डेंटिस्ट डॉ. शोता मुसायेव
- चौथे हीरो- इजरायली यात्री रिजवान
घायल स्मित मच्छार ने हिम्मत दिखाई, प्लेन को किया कंट्रोल
पायलट स्मित मच्छार को तो अब पूरा देश जान चुका है. ये वही पायलट हैं जो फ्लाइट उड़ा रहे थे. जब उनको को-पायलट ने चाकू मारा तो उनके सिर और हाथ बुरी तरह घायल हो गए थे, लेकिन उन्होंने फिर भी फ्लाइट पर कंट्रोल बनाए रखा. उन्होंने घायल हालत में कॉकपिट का दरवाजा खोलने के लिए अपनी आखिरी बची-खुची ताकत भी लगा दी. उनकी इस बहादुरी के कायल पीएम मोदी, डोनाल्ड ट्रंप और नेतन्याहू भी हैं.
यानीव हायुन ने हमलावर को-पायलट को किया काबू
वहीं यानीव हायुन फ्लाइट सवार वह यात्री हैं, जिन्होंने फ्लाइट के कॉकपिट में घुसकर पायलट मच्छार पर हमला कर रहे को पायलट को पकड़कर काबू में किया और उसे घसीटकर बाहर लेकर आए. जिसकी वजह से मच्छार की जान बच सकी और शुरू में दो मिनट से भी कम समय में करीब 17,000 फ़ीट नीचे गिर रहे प्लेन को वक्त रहते संभाल लिया गया. उनकी तारीफ नेतन्याहू ने जमकर की और उनको हीरे बताया और मेडल का हकदार भी.
डॉ. शोता मुसायेव ने किया घायल पायलट का इमरजेंसी ट्रीटमेंट
पायलट हमले में बुरी तरह घायल हो चुके थे. उनका इमरजेंसी मेडिकल ट्रीटमेंट फ्लाइट में मौजूद एक इजरायली डेंटिस्ट डॉ. शोता मुसायेव ने किया. उन्होंने टाइम्स ऑफ इजरायल को बताया कि उन्होंने जैसे ही चीखने की आवाज सुनी तो 10 सेकेंड के भीतर ही वह दौड़ पड़े. उन्होंने बिना इंतजार किए कॉकपिट में पहुंचकर देखा कि पायलट के सिर से पैर तक खून बह रहा है. पूरी फ्लाइट में वह अकेले डॉक्टर थे.उन्होंने तुरंत उनका खून बहने से रोका और पायलट के ब्लड प्रेशर को नॉर्मल किया. उन्होंने कहा कि कुछ बहादुर लोगों की मदद से बुरे हालात को समय रहते टाल दिया गया.
आसिफ रिजवान ने हमलावर को काबू करने में मदद की
इजरायली यात्री आसिफ रिजवान इस हादसे को टालने में मदद करने वाले चौथे हीरो हैं. उन्होंने चैनल 12 को बताया कि उनको ये सब बिल्कुल फिल्मों जैसा लगा. उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि रियल लाइफ में ऐसा कुछ हो सकता है. करो या मरो वाली स्थिति थी. रिजवान को भी हल्की चोट लगी है. उन्होंने बताया कि चिल्लाने की आवाज आ रही थी. प्लेन बेकाबू होकर हवा में गोते खाने लगा. जैसे ही कॉकपिट का दरवाजा खुला वह दूसरे इजराइली यात्रियों और, क्रू मेंबर्स के साथ अंदर गए और हमलावर को-पायलट को पकड़कर काबू में लिया. उन्होंने बताया कि उन सभी ने करीब 55 मिनट तक हमलावर को काबू में रखा और सभी 174 यात्री सुरक्षित बच गए.
रिजवान ने ईश्वर के साथ ही उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया, जिनकी मदद से ये हादसा टाला जा सका. उन्होंने कहा कि जिंदगी हर चीज से ज्यादा मूल्यवान है.सभी इसके लिए मिलकर लड़े. उनको अब तक यकीन नहीं हो पा रहा कि हालात अब कंट्रोल में आ चुके हैं और सब ठीक है.
ये Video भी देखें:| फ्लाईदुबई के पायलट स्मित के बचपन के दोस्त से NDTV ने की खास बातचीतTOP NEWS
ये भी पढे़ं- Flydubai फ्लाइट में घायल इंडियन पायलट का सऊदी में चल रहा इलाज, मिलने पहुंचा परिवार- बड़े अपडेट्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं