- बुधवार को Flydubai FZ1073 जॉर्डन एयरस्पेस में थी तभी डिस्ट्रेस सिग्नल मिला.
- फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक में लैंड कराया गया.
- कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर दूसरे पायलट ने चाकू से हमला किया.
बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात से इजरायल जा रही एक फ्लाइट को सऊदी अरब की ओर मोड़ दिया गया. ऐसा तब किया गया, जब फ्लाइट से डिस्ट्रेस सिग्नल यानी बड़ी मुसीबत का संकेत मिला, जो हाईजैक की कोशिश जैसा लग रहा था. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, Flydubai की फ्लाइट FZ1073 को तब मोड़ा गया, जब वह दुबई से तेल अवीव के लिए जॉर्डन के एयरस्पेस से गुजर रही थी. इस घटना की जानकारी मिलने के बाद इजरायल ने तुरंत लड़ाकू विमान भेजे. आसमान में हुई यह साजिश मामूली नहीं थी. प्लेन को हाईजैक करने की प्लानिंग थी. नेतन्याहू ने इसे 9-11 जैसी घटना को दोहराने की साजिश बताया. लेकिन भारतीय पायलट स्मित मच्छार और कुछ जाबांज यात्रियों के कारण यह साजिश फेल हुई. इस हमले में स्मित मच्छार बुरी तरह से घायल हो गए हैं. जिनका सऊदी में इलाज चल रहा है. उनके परिजन सऊदी पहुंच चुके हैं. अभी भारत सरकार के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीएम मोदी ने घायल पायलट की पत्नी से बात की है.
पीएम मोदी ने पायलट की पत्नी और माता-पिता से भी बात की. पीएम मोदी ने पायलट की बहादुरी की तारीफ की है. केवल पीएम मोदी ने ही नहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सहित दुनिया के कई देशों ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार की तारीफ की है.
अब तक के बड़े अपडेट्स
- Flydubai ने बयान जारी करते हुए बताया कि फ्लाइट डेक पर कहा-सुनी हुई थी. विमान में मौजूद ड्यूटी पर तैनात क्रू ने स्थिति को संभाल लिया.
- फ्लाइट की कॉकपिट में दो पायलट मौजूद थे. इसमें से एक भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार थे, जिन पर दूसरे पायलट ने चाकू से हमला कर दिया.
- भारतीय पायलट ने फ्लाइट क्रैश होने से बाचकर करीब 180 यात्रियों की जान बचाई. इजरायली पीएम नेतन्याहू, यूएस राष्ट्रपति ट्रंप और इंडियन पीएम नरेंद्र मोदी ने स्मित मच्छार की तारीफ की और उन्हें 'हीरो' बताया.
- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कैप्टन स्मित मच्छार को 'गुजरात मूल का बहादुर बेटा' बताया.
- हमला करने वाले पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है और सऊदी अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं.
- सऊदी अरब में फ्लाइट की लैंडिग के बाद भारत के दूतावास ने घायल कैप्टन स्मित मच्छार के बारे में बताया कि उनका इलाज तबुक के एक अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है.
- सऊदी मेडिकल टीम ने इजरायल जा रहे घायल यात्रियों का इलाज किया. इस काम के लिए इजरायल के एक मंत्री ने सऊदी अरब का शुक्रिया अदा किया है.
- घटना के अगले दिन आज यानी 1 अक्टूबर को स्मित मच्छार का परिवार उनसे मिलने के लिए तबुक के हॉस्पिटल में पहुंचा है.
- मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरलाइन द्वारा यात्रा पूरी करने के लिए दूसरी फ्लाइट भेजने के बाद तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर परिवारों के बीच भावुक मिलन और जश्न का माहौल देखा गया.
- Flydubai ने अपने बयान में बताया है कि इजरायल से आने-जाने वाली फ्लाइट्स को घटना की जांच होने तक निलंबित कर दिया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं