विज्ञापन

भारतीय हीरो कैप्टन स्मित की मुरीद हो गई दुनिया, राष्ट्र प्रमुखों से लेकर आम आदमी तक ऐसे दे रहा है दुआएं

फ्लाईदुबई विमान में मौत से लड़कर 180 जिंदगियां बचाने वाले जांबाज भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की मुरीद पूरी दुनिया हो गई है. पीएम मोदी, राष्ट्रपति मुर्मु, डोनाल्ड ट्रंप और नेतन्याहू से लेकर हर कोई इस हीरो को सलाम कर रहा है. जानिए गुजरात के इस लाल की पूरी कहानी.

फ्लाई दुबई के विमान में आसमान की ऊंचाई पर मौत से लड़कर 180 जिंदगियां बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की मुरीद पूरी दुनिया हो गई है. आम लोगों से लेकर दुनिया के ताकतवर राष्ट्रों के प्रमुखों तक स्मित को सैल्यूट कर रहे हैं. सोशल मीडिया कैप्टन की बहादुरी को सलाम करते नहीं थक रहा है. हो भी क्यों न गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी उन्होंने जिस तरह से हिम्मत दिखाई, उसने न सिर्फ एक बड़े विमान हादसे को टाल दिया बल्कि हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है. क्या है इस जांबाज भारतीय की कहानी और कैसे दुनिया कर रही है उसके शौर्य को सलाम पढ़िए इस रिपोर्ट में

गुजरात की मिट्टी का लाल जिसने गुरुग्राम से भरी हौसलों की उड़ान

मूल रूप से गुजरात के रहने वाले कैप्टन स्मित मच्छार कोई नौसिखिया नहीं, बल्कि एक बेहद मंझे हुए सीनियर पायलट हैं.उनके पास बोइंग 737 विमान उड़ाने का 13 साल से भी ज्यादा का लंबा कमर्शियल फ्लाइंग अनुभव है. पिछले चार सालों से वह फ्लाईदुबई एयरलाइन में बतौर कमांडर अपनी सेवाएं दे रहे हैं.इससे पहले उन्होंने गुरुग्राम में विमान उड़ाने की ट्रेनिंग ली और फिर स्पाइसजेट में 10 साल से भी अधिक समय तक सेवाएं दी थीं. आसमान में हजारों घंटे बिताने का यही तजुर्बा और संकट के वक्त तुरंत सही फैसला लेने की उनकी क्षमता उस दिन 180 यात्रियों के लिए जिंदगी की ढाल बन गई.

दर्द से कराहते हुए भी नहीं खोया हौसला 

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में जब सफर कर रहे यात्रियों को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था, तब कॉकपिट के अंदर जिंदगी और मौत की एक भयानक जंग चल रही थी. सह-पायलट ने अचानक मुख्य पायलट स्मित मच्छार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था. चाकू लगने से बुरी तरह लहूलुहान और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने दर्द से लड़ते हुए हमलावर का विरोध किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलकर केबिन क्रू और यात्रियों को मदद के लिए बुला लिया. उनकी इसी फौलादी सूझबूझ से हमलावर पर काबू पा लिया गया और हवा में होने वाली एक बहुत बड़ी त्रासदी टल गई. 

राष्ट्रपति मुर्मु और पीएम मोदी ने कहा-पूरा देश मना रहा है जांबाजी का जश्न

कैप्टन स्मित की इस अविश्वसनीय बहादुरी की गूंज राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री,रक्षामंत्री और मुख्यमंत्रियों से लेकर सोशल मीडिया तक के हर कोने तक सुनाई दे रही है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी इस जांबाज भारतीय की मुरीद हो गई हैं. उन्होंने लिखा- उनके अदम्य साहस और असाधारण सूझबूझ ने हम सभी को भावुक कर दिया है.गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने का अपना संकल्प नहीं छोड़ा.


वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कैप्टन स्मित को देश का असली हीरो बताया है. पीएम मोदी ने कहा कि बहुत ही खतरनाक हालात और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए अद्भुत हिम्मत दिखाई. भारत को अपने इस जांबाज पायलट पर गर्व है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उनकी तारीफ में लिखा कि देश कैप्टन स्मित के साथ खड़ा है और उनकी बहादुरी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी.इसी तरह से गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने लिखा- गुजरात और पूरा देश बेहद गर्व महसूस कर रहा है. आकाश में कैप्टन स्मित मच्छर द्वारा दिखाया गया अदम्य साहस और शौर्य अविश्वसनीय है.उनकी रगों में गुजराती खून बहता है, जो हमारे साहस और जुझारूपन का प्रतीक है.

ट्रंप और नेतन्याहू ने भी झुकाया सिर, कहा- रक्षक बन गए भारतीय पायलट

भारतीय पायलट की इस वीरता का लोहा अब पूरी दुनिया मान रही है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कैप्टन स्मित की सूझबूझ की जमकर तारीफ की और उन्हें एक सच्चा मसीहा बताया. इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर इस जांबाज को सैल्यूट करते हुए लिखा कि मैं भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को उनकी असाधारण बहादुरी के लिए सलाम करता हूं. उन्होंने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मुकाबला किया और विमान को सुरक्षित बचा लिया. नेतन्याहू ने कहा कि कैप्टन स्मित की वजह से ही इजरायली नागरिकों समेत कुल 180 लोगों की जान बच पाई है. 

पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, सच साबित हुई केबिन क्रू वाली बात

इस ऐतिहासिक घटना के बीच कैप्टन स्मित का करीब एक साल पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह यात्रियों और आम लोगों से विमानन सुरक्षा और केबिन क्रू के सम्मान की बात कर रहे थे. उन्होंने कहा था कि केबिन क्रू सिर्फ सेवाएं देने के लिए नहीं होता, बल्कि संकट के समय में उनकी भूमिका सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होती है. उन्होंने वीडियो में कहा था कि जब चीजें गलत होने लगती हैं, तब आपको केबिन क्रू की असली जरूरत पड़ती है. आज इस संकट के समय में केबिन क्रू ने जिस तरह से हमलावर को काबू करने में उनकी मदद की, उससे उनकी कही यह पुरानी बात बिल्कुल सच साबित हो गई है.
ये भी पढ़े: ये हैं 'फ्लाईदुबई' फ्लाइट के चार 'हीरो', जिनकी हिम्मत और कोशिश से बच गईं 174 जिंदगियां

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Smit Machchhar Pilot, Flydubai Aircraft, Flydubai Aircraft Hijack, Narendra Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com