दुबई से इजरायल जा रहे प्लेन में एक सनकी पायलट के इरादों पर पानी फेरने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छार की हर तरफ तारीफ हो रही है. इस फ्लाइट में मौजूद एक दूसरे पायलट ने प्लेन को क्रैश करने की कोशिश की थी, लेकिन फ्लाईदुबई एयरलाइन में काम करने वाले स्मित ने बहादुरी से उसे रोक लिया. इस दौरान उन पर चाकू से भी हमला हुआ, खून भी बहा, लेकिन इसके बावजूद स्मित घबराए नहीं और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे. ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि स्मित मच्छार कौन हैं और उनका पूरा करियर कैसा रहा है.
कौन हैं स्मित मच्छार?
स्मित मच्छार के LinkdIn प्रोफाइल में उनकी पूरी जानकारी दी गई है. इसमें बताया गया है कि वो फ्लाईदुबई में डायरेक्ट एंट्री कैप्टन हैं. इससे पहले वो स्पाइसजेट में लाइन ट्रेनिंग कैप्टन रह चुके हैं. स्मित को कमर्शियल फ्लाइट उड़ाने का 13 साल का अनुभव है. बोइंग 737 फ्लीट में उन्हें सबसे ज्यादा एक्सपीरिएंस है.
उनके प्रोफाइल में लिखा गया है कि उन्होंने जून 2022 में ये दुबई की एयरलाइन कंपनी ज्वाइन की थी. इससे पहले 2011 से लेकर 2022 तक वो मुंबई में स्पाइसजेट कंपनी के साथ जुड़े थे. उन्होंने अपने करियर में कुल 9500 से ज्यादा घंटे की उड़ान भरी है. एजुकेशन की बात करें तो स्मित ने welingkar institute of management से बीबीए किया था. इसके बाद उन्होंने पायलट बनने का कोर्स किया और फिर इसे प्रोफेशन के तौर पर ज्वाइन कर लिया. स्मित शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी हैं.
हर कोई बता रहा हीरो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा दुनिया के तमाम बड़े नेताओं ने इस भारतीय पायलट को हीरो बताया है. ट्रंप ने भी स्मित मच्छार की तारीफ की है, वहीं इजरायल के पीएम नेतन्याहू ने भी कहा है कि भारतीय पायलट ने 174 लोगों की जान बचा दी. फिलहाल दुनियाभर में भारत के स्मित की खूब तारीफ हो रही है. लोग उन्हें सम्मानित किए जाने की मांग भी कर रहे हैं. फिलहाल स्मित का इलाज चल रहा है और इसके बाद नेतन्याहू उनसे मुलाकात कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें - सेना में भर्ती होने रूस जा रहे हैं लोग, सरकार ने बताया खतरनाक और जानलेवा कदम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं