विज्ञापन

कश्मीर में MLA की पत्नी और बेटे के खिलाफ FIR, सरकारी अस्पताल पर लगा दिया था ताला

अनंतनाग से कांग्रेस के विधायक पीरजादा मोहम्मद सईद एक अनुभवी राजनेता हैं. अब 18 साल पुराने एक अस्पताल को लेकर उनका परिवार मुश्किल में आ गया है.

कश्मीर में  MLA की पत्नी और बेटे के खिलाफ FIR, सरकारी अस्पताल पर लगा दिया था ताला
Peerzada Mohammad Syed
Facebook

जम्मू कश्मीर में कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता और विधायक पीरजादा मोहम्मद सैयद की पत्नी और बेटे के खिलाफ पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है. विधायक की पत्नी और बेटे पर एक सरकारी अस्पताल को बंद कर देने का आरोप है. यह अस्पताल जिस इमारत में संचालित हो रहा है उसे विधायक का परिवार अपनी संपत्ति बताता है. इसी मामले में विवाद बढ़ने के बाद आरोप है कि उन्होंने इस अस्पताल में ताला लगा दिया जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज किया है.

जम्मू कश्मीर पुलिस ने अनंतनाग के विधायक पीरजादा मोहम्मद सैयद की पत्नी और बेटे के खिलाफ सरकारी अस्पताल को बंद करने के आरोप में मामला दर्ज किया है.अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी.

क्या है मामला?

अनंतनाग के पुलिस अधिकारियों ने आज, बुधवार को बताया कि अनंतनाग के विधायक पीरजादा मोहम्मद सैयद की पत्नी और बेटे के खिलाफ सरकारी अस्पताल को बंद करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के अचबल थाने में सैयद की पत्नी और बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. इन दोनों आरोपियों ने जिले के दमहाल खोसिपोरा इलाके में एक स्वास्थ्य केंद्र को कथित तौर पर ताला लगाकर बंद कर दिया था. 

इस बारे में बताया गया है कि यह अस्पताल विधायक के परिवार के कथित अधिकार वाली इमारत में संचालित हो रहा है और इसे 2008 में एक प्राथमिकी स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने के मकसद से उपलब्ध कराया गया था.

हालांकि, परिवार का दावा है कि इस साल की शुरुआत में विधायक ने अनंतनाग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को पत्र लिखकर स्वास्थ्य केंद्र को स्थानांतरित करने की मांग की थी. इसमें दावा किया गया था कि इमारत जर्जर हालत में है.

4 बार के विधायक

पीरजादा मोहम्मद सईद अनंतनाग से कांग्रेस के विधायक हैं. वह 2024 में जम्मू-कश्मीर में हुए चुनाव में अनंतनाग विधानसभा सीट से जीते थे. सईद पहली बार 1987 में कोकरनाग सीट से विधायक चुने गए थे. इसके बाद 2002 और 2008 में भी वह विधायक चुने गए. सईद ने 1996 और 2014 में भी चुनाव लड़ा था जिसमें उन्हें हार मिली थी.

ये भी पढ़ें-: सिंगर फाजिलपुरिया फायरिंग केस: गुरुग्राम पुलिस ने 4 को दबोचा, पैसों के चक्कर में हुई थी साजिश

लेखक के बारे में
img
अपूर्व कृष्ण
Consultant Associate Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kashmir, Jammu And Kashmir, Kashmir News, J & K News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com