फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे (Farrukhabad Link Expressway) के निर्माण ने रफ्तार पकड़ ली है. यह एक्सप्रेसवे राज्य के दो बड़े एक्सप्रेसवे नेटवर्क को आपस में जोड़ेगा. यूपी की योगी आदित्यनाथ कैबिनेट से इसे मंजूरी मिल गई है. 91 किमी लंबा ग्रीनफील्ड और पूरी तरह से एक्सेस-कंट्रोल एक्सप्रेसवे होगा. इसे नई भूमि अधिग्रहण के साथ बनाया जा रहा है. यह 6 लेन का एक्सप्रेसवे ट्रैफिक बढ़ने पर 8 लेन तक चौड़ा किया जा सकेगा. इस परियोजना पर 7488.74 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. EPC मॉडल पर बनने वाले इस एक्सप्रेसवे को टेंडर आवंटन के डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य है.ये एक्सप्रेसवे 6 जिलों से गुजरेगा, जिसका करीब 50 किलोमीटर हिस्सा इसी अकेले जिले से गुजरेगा.
यूपी के 6 जिलों को जोड़ेगा ये लिंक एक्सप्रेसवे
1. इटावा
2. मैनपुरी
3. कन्नौज
4. फर्रुखाबाद
5. शाहजहांपुर
6. हरदोई
यूपी के दो सबसे बड़े एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा
फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के दो सबसे बड़े एक्सप्रेसवे कॉरिडोर को जोड़ेगा. लिंक एक्सप्रेसवे इटावा जिले के कुदरैल गांव के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से शुरू होगा. वहीं हरदोई जिले के सवायजपुर तहसील के कौसिया, रूपापुर गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे से जाकर मिल जाएगा. बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से भी इसको कनेक्टिविटी मिलेगी. बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे इटावा के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होता है. ऐसे में बुंदेलखंड से लेकर सीधे नेपाल सीमा और उत्तराखंड तक जाने का रास्ता साफ होगा.इससे दिल्ली, लखनऊ, आगरा, नोएडा और प्रयागराज जैसे बड़े शहरों तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे रुहेलखंड से बुंदेलखंड तक फायदा होगा.
हरदोई, कन्नौज तक हाईस्पीड
फर्रुखाबाद के आसपास कासगंज, बदायूं और शाहजहांपुर जिलों के साथ हरदोई, कन्नौज को भी इसका लाभ मिलेगा. कन्नौज जिला पहले फर्रूखाबाद जिले का हिस्सा था. मैनपुरी और और एटा जिले को भी इसका फायदा पहुंचेगा. आलू बेल्ट फर्रुखाबाद को एक्सप्रेसवे बनने से फायदा होगा. किसान आलू की फसल और अनाजों को देश की बड़ी मंडियों तक तेजी से पहुंचा सकेंगे और उन्हें फसलों के बेहतर दाम मिलेंगे.
कुटीर उद्योग को फायदा
एक्सप्रेसवे के किनारे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, वेयरहाउस और लॉजिस्टिक्स पार्क बनाने की योजना है. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के काफी अवसर पैदा होंगे. फर्रुखाबाद का प्रसिद्ध कुटीर उद्योग जरी जरदोजी और कपड़ा छपाई का काम दिल्ली एनसीआर के बड़े बाजारों से जुड़ सकेगा. एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह से एक्सेस-कंट्रोल्ड होने से वाहनों को बिना किसी रेड सिग्नल के तेज रफ्तार मिलेगी. इससे ईंधन की बचत के साथ यात्रा का समय आधा हो जाएगा.
ये भी पढ़ें - दिल्ली से कटरा 6 घंटे, अमृतसर 4 घंटे में, PM मोदी कल देंगे बड़े एक्सप्रेसवे की सौगात, देहरादून से भी सफर होगा
यूपी में कौन-कौन से लिंक एक्सप्रेसवे निर्माणाधीन
जेवर लिंक एक्सप्रेसवे
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को यमुना एक्सप्रेसवे के जरिये जेवर लिंक एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा. यह बुलंदशहर होते हुए सीधे गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा. इसकी लंबाई लगभग 74.30 किलोमीटर है और यह 56 गांवों से होकर गुजरेगा. इससे वेस्ट यूपी और एनसीआर से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की दूरी और समय घटेगी.
झांसी लिंक एक्सप्रेसवे
झांसी लिंक एक्सप्रेसवे (Jhansi Link Expressway) भी बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को औद्योगिक शहर झांसी से सीधे कनेक्ट करेगा.118 किलोमीटर का ये एक्सप्रेसवे पूरे बुंदेलखंड को फायदा पहुंचाएगा, खासकर डिफेंस कॉरिडोर को हाईस्पीड नेटवर्क मिलेगा. झांसी मोड़ पर बन रहे यूपी डिफेंस कॉरिडोर के लिए यह एक्सप्रेसवे जबरदस्त फायदे वाला होगा.
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे लिंक
आगरा-लखनऊ से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे लिंक (Lucknow Link Expressway) भी कनेक्ट होगा. उत्तर प्रदेश के दो सबसे बड़े एक्सप्रेसवे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को लखनऊ के पास आपस में जोड़ा जा रहा है. इसके लिए भूमि अधिग्रहण हो रहा है. वाहन बिना लखनऊ शहर के भारी ट्रैफिक में फंसे सीधे एक से दूसरे एक्सप्रेसवे पर जा सकेंगे.
चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे भी लाइन में
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पूरा हो चुका है. 91 किमी लंबा यह एक्सप्रेसवे गोरखपुर को आजमगढ़ के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से कनेक्ट करता है. चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे (Chitrakoot Link Expressway) बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को चित्रकूट धाम से जोड़ता है. यह महज 15 किमी का प्रोजेक्ट है.
बलिया लिंक एक्सप्रेसवे बिहार बॉर्डर तक
बलिया लिंक एक्सप्रेसवे (Ballia Link Expressway) पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को सीधे बिहार सीमा के पास बलिया से जोड़ता है. NHAI इसका 114 किमी का ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेसवे बना रहा है. 130 किमी का मेरठ-हरिद्वार लिंक एक्सप्रेसवे और विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे के डीपीआर और सर्वे का काम भी चल रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं