पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसने एक बार फिर उसकी गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में संगठन के आतंकियों को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) स्थित मंगला डैम में पानी के बीच विशेष प्रशिक्षण लेते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में आतंकी तैराकी, जलमार्ग से आवाजाही और पानी में ऑपरेशन से जुड़ी तकनीकों का अभ्यास करते नजर आ रहे हैं.
पहले भी मंगला डैम का कर चुका है जिक्र
यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है जब कुछ समय पहले संगठन से जुड़े एक अन्य वीडियो में अमेरिका द्वारा नामित आतंकी हारिस डार नए रंगरूटों को संबोधित करता दिखाई दिया था. उस दौरान उसने कहा था कि उनका अगला निशाना मंगला डैम है. हारिस डार ने भारत और पाकिस्तान के बीच पानी से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया था और संकेत दिया था कि भविष्य में इस विषय को बड़ा मुद्दा बनाया जा सकता है.
26/11 हमले से भी जुड़ा रहा है मंगला डैम
मंगला डैम का नाम पहले भी कई बार चर्चा में आ चुका है. सुरक्षा विशेषज्ञों और विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार, 26/11 मुंबई आतंकी हमले में शामिल अजमल कसाब समेत अन्य आतंकियों को उनकी ट्रेनिंग का एक हिस्सा इसी इलाके में दिया गया था. बताया जाता है कि यहां आतंकियों को समुद्री रास्ते से घुसपैठ, पानी के जरिए लक्ष्य तक पहुंचने और बीच लैंडिंग जैसी रणनीतियों का प्रशिक्षण दिया गया था.
सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी चिंता
ताजा वीडियो के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां इस बात पर नजर बनाए हुए हैं कि आखिर इस तरह की ट्रेनिंग का मकसद क्या है. वीडियो में दिखाई गई गतिविधियां यह संकेत देती हैं कि संगठन जलमार्ग आधारित अभियानों और विशेष ऑपरेशन की क्षमता बढ़ाने पर काम कर रहा है. ऐसे में मंगला डैम से जुड़ी गतिविधियां एक बार फिर सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गई हैं.
यह भी पढ़ें- EXCLUSIVE: साइबर तकनीक, AI लैब.. भारत के खिलाफ नई साजिश रहा है लश्कर, कई बड़े खुलासे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं