- धनबाद के बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो की शर्ट में मशाल से अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई
- सांसद के भाषण के दौरान विधायक के कपड़ों में आग लगने पर अफरातफरी मच गई
- विधायक को आग से कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन उनकी शर्ट का कुछ हिस्सा जल गया
झारखंड के धनबाद में बीजेपी की सेवा संकल्प यात्रा के दौरान बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो हाथ में जलती हुई मशाल पकड़के भाषण दे रहे थे, तभी मशाल से उनकी शर्ट में अचानक आग लग गई. तभी वहां चीख-पुकार मच गई. आगे-आग सुनते ही विधायक ने भाषण बीच में छोड़ा और स्टेज से भागने लगे. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. कार्यकर्ताओं की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया
बीजेपी विधायक की शर्ट में लगी आग
मामला धनबाद के जगजीवन नगर में बुधवार का है. गनीमत यह रही कि घटना में विधायक को कोई गंभीर चोट नहीं आई. हालांकि कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति जरूर बन गई. घटना उस वक्त हुई जब धनबाद सांसद ढुल्लू महतो मीडिया को बयान दे रहे थे और विधायक शत्रुघ्न महतो उनके पीछे खड़े थे. पास में जल रही मशाल से अचानक एक चिंगारी निकली और सीधे विधायक की शर्ट पर जा गिरी.

आग से कार्यक्रम में मची अफरातफरी
चिंगारी गिरते ही कपड़े में आग की लपटें उठने लगीं और देखते-देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद कार्यकर्ता और समर्थक तुरंत आग-आग चिल्लाए, जिससे विधायक की ओर लोगों का ध्यान गया और समय रहते उनकी शर्ट में लगी आग को बुझा दिया गया. समय रहते बड़ा नुकसान टल गया. हालांकि उनकी शर्ट का कुछ हिस्सा जल गया, लेकिन स्थिति को जल्द काबू में कर लिया गया. आग बुझने के बाद कार्यक्रम को सामान्य रूप से आगे बढ़ाया गया. घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की कोई सूचना नहीं है.
सेवा संकल्प यात्रा के दौरान मशाल से लगी आग
आग लगने की घटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर निकाली गई सेवा ज्योति/सेवा संकल्प यात्रा के दौरान हुई. यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए और मशाल जुलूस के रूप में कार्यक्रम चल रहा था. इस दौरान हुई घटना ने मशाल जुलूस और ऐसे आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल पैदा कर दिए हैं. हालांकि, चिंगारी विधायक तक कैसे पहुंची और मशाल की स्थिति क्या थी, इसे लेकर अभी कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. राहत की बात यह है कि आयोजकों और आसपास मौजूद लोगों ने वक्त रहते स्थिति संभाल ली, जिसके बाद कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया.
ये भी पढे़ं-पेड़ से बांधा, डंडे से पीटा... धनबाद में पैसे के लेन-देन के विवाद में महिला की बेरहमी से पिटाई, VIDEO वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं