विज्ञापन

10 करोड़ की रंगदारी नहीं दी तो बरसी गोलियां! मुंबई की ज्वेलरी दुकान पर फायरिंग में बिश्नोई गैंग का नाम

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए पूरी योजना बनाई थी. जिस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी.

10 करोड़ की रंगदारी नहीं दी तो बरसी गोलियां! मुंबई की ज्वेलरी दुकान पर फायरिंग में बिश्नोई गैंग का नाम
मुंबई की ज्वेलरी दुकान पर फायरिंग में बड़ा खुलासा हुआ है.

मुंबई के माहिम इलाके में स्थित पीसी जैन ज्वेलर्स की दुकान पर हुई फायरिंग की घटना ने कारोबारियों और पुलिस दोनों की चिंता बढ़ा दी है. जांच के दौरान सामने आया है कि इस मामले का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से हो सकता है. दुकान के मालिक भरत जैन ने दावा किया है कि उन्हें धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था. घटना के बाद मुंबई पुलिस ने जांच तेज कर दी है और कई टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया है. स्थानीय पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच भी मामले की जांच में जुटी हुई है.

पहले से मिल रही थीं धमकियां

जांच में पता चला है कि भरत जैन को लंबे समय से धमकियां मिल रही थीं. उनसे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. जानकारी के अनुसार पहली धमकी 18 अक्टूबर को एक अज्ञात नंबर से फोन के जरिए दी गई थी.

शुरुआत में कारोबारी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया. हालांकि उसी दिन शाम को उन्हें मैसेज भेजकर गोली मारने की धमकी दी गई. इसके कुछ दिन बाद 24 अक्टूबर को फिर धमकी भरे संदेश भेजे गए. एक मैसेज में लिखा गया था, "रेडी रखना चमत्कार छाया." इन संदेशों के जरिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था.

पहचान छिपाने की पूरी तैयारी

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए पूरी योजना बनाई थी. जिस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी. इतना ही नहीं बाइक का चेसिस नंबर भी मिटा दिया गया था ताकि पुलिस वाहन के असली मालिक तक न पहुंच सके. फायरिंग के समय दोनों हमलावर हेलमेट पहने हुए थे. सीसीटीवी फुटेज में वे पूरी तरह चेहरा ढके हुए दिखाई दिए, जिससे उनकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण बन गया है.

फायरिंग के बाद ऐसे भागे आरोपी

जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक गोलीबारी के बाद दोनों आरोपी माहिम से निकलकर बांद्रा स्टेशन के पास पहुंचे. वहां उन्होंने मोटरसाइकिल छोड़ दी और फिर ट्रेन के जरिए बोरीवली की दिशा में फरार हो गए. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.

यह भी पढ़ें | मुंबई के माटुंगा में PC जैन ज्वेलर्स पर फायरिंग, 5-6 राउंड गोली चलाकर भागे बदमाश, दहशत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Firing, PC Jain Jewellers Mumbai, Maharashtra News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com