एशिया कप राइजिंग स्टार्स क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में गुरुवार को भारत ए को श्रीलंका ए के हाथों 8 विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा. 318 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ए ने सलामी बल्लेबाजों लसित क्रूसपुले और सिनेथ जयवर्धने के तूफानी शतकों की बदौलत 51 गेंद शेष रहते ही एकतरफा जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली.
इतने बड़े स्कोर का बचाव न कर पाने के बाद भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने मैच के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को श्रेय देने के साथ-साथ भारतीय गेंदबाजी में रही कमियों और टूर्नामेंट के सकारात्मक पहलुओं पर खुलकर बात की.
'20 ओवर के धीमा हो गया था विकेट'
कप्तान तिलक वर्मा ने पहले 10 ओवर में 95 रन बनाने और बोर्ड पर 318 का लक्ष्य रखने के बाद मिली हार पर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि, 'ईमानदारी से कहूं तो हमने सोचा था कि बोर्ड पर 320, 330 के आसपास का स्कोर एक अच्छा स्कोर होगा. लेकिन, आप जानते हैं, 20 ओवर के बाद विकेट थोड़ा धीमा हो गया था.'
उन्होंने आगे कहा कि, 'शुरुआत में, पहले 20 ओवरों में गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही थी. लेकिन उसके बाद यह थोड़ा धीमा हो गया. कुछ गेंदें ग्रिप कर रही थीं और नीची रह रही थीं. और फिर वहां हमने लगातार तीन विकेट गंवा दिए. हम आउट हो गए. उसके बाद तनुष और शाहबाज ने वापस आकर जिस तरह से खेल दिखाया, उससे बोर्ड पर 318 एक अच्छा स्कोर था.'
प्लानिंग को एक्जीक्यूट नहीं कर सकी टीम इंडिया
318 का बचाव करते समय टीम की योजनाओं और पहले 15 ओवरों के महत्व पर तिलक वर्मा ने कहा कि, 'हां, मैं अपने लड़कों से कह रहा था कि शुरुआत में पहले 15 ओवर बहुत महत्वपूर्ण होंगे. अगर हम उन्हें छह रन प्रति ओवर के आसपास रोक लेते हैं, तो यह हमारे लिए बहुत अच्छा होगा. बाद में विकेट थोड़ा धीमा हो जाता है. हमने यही योजना बनाई थी, लेकिन दुर्भाग्य से हम उस पर अमल (एक्जीक्यूट) नहीं कर पाए.'
गेंदबाजी बदलावों पर क्या बोले तिलक वर्मा?
174 रनों की ओपनिंग साझेदारी और कप्तान के रूप में उनके गेंदबाजी बदलावों पर उन्होंने कहा कि, 'हां, श्रेय उन्हें जाता है. दोनों ओपनर्स ने वाकई बहुत अच्छा खेला, लेकिन साथ ही, मैं अपने सभी गेंदबाजों को आजमा रहा था, पर यह हमारे लिए एक बुरा दिन था. मुझे कोई मदद नहीं मिल सकी. लेकिन ठीक है. एक बुरा दिन नहीं कहूंगा, बल्कि इसका श्रेय श्रीलंकाई बल्लेबाजों को जाता है.'
'और अधिक मजबूत होकर वापसी करेंगे'
डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों और टीम के प्रदर्शन सहित भारत ए टीम के टूर्नामेंट अभियान पर कप्तान ने कहा कि, 'हां, यह वाकई सकारात्मक चीजें हैं. आप जानते हैं, ऐसे बहुत से युवा खिलाड़ी हैं, जो पहली बार खेल रहे हैं, खासकर शाहबाज और तनुष. तनुष ने खुद डेब्यू किया है और शाहबाज ने भी. आपने देखा है कि वह उपयोगी गेंदबाजी करते हैं और निचले क्रम में बल्लेबाजी भी कर सकते हैं. यह वाकई सकारात्मक बात है. और तनुष भी, वह भी एक ऑलराउंडर के रूप में वापस आ रहे हैं. अगर आप एक बल्लेबाजी समूह के रूप में देखें, तो हमने वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन मुझे लगता है कि गेंदबाजी में, हम ड्रेसिंग रूम में जाएंगे या घर वापस जाएंगे और चीजों पर आत्ममंथन करेंगे, और हम और अधिक मजबूत होकर वापसी करेंगे.
यह भी पढ़ें- IND vs PAK: पाकिस्तान ने भारत को जाल में फंसा लिया था, फिर धोनी ने पलटा खेल, आज भी नहीं भूले फैंस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं