- बिहार के भोजपुर जिले के आरा में शादी समारोह के दौरान छह हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की
- इस गोलीबारी में दो युवकों की मौत हो गई और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है
- मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरणगंज और महंत यादव के बेटों के रूप में हुई
बिहार के भोजपुर का आरा जिला मंगलवार देर रात की देर रात ताबड़तोड़ गोलियों से दहल गया. जोर-शोर से शादी समारोह चल रहा था. इसी दौरान वहां ताबड़तोड़ फायरिंग कर दो लड़कों की हत्या कर दी गई. वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है. गोली चलते ही वहां अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. देखते ही देखते शादी की खुशियां मातम में बदल गईं.
शादी में अंधाधुंध गोलीबारी
आईएएनएस के मुताबिक, शादी समारोह में कुछ हथियारबंद अपराधी घुसे और उन्होंने ताबड़तोड़ गोलीबारी की.इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. यह मामला भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकिया गांव का है. बताया गया कि चकिया गांव के नरेश यादव की बेटी नेहा की शादी थी. बारात कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के पद्मिनिया गांव से आई थी. बारात आने के बाद जयमाला का कार्यक्रम हुआ. इसके बाद सभी ने खाना खाया और आपस में बातचीत करने लगे. इसी दौरान दो बाइकों पर सवार छह हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे और बिना कुछ कहे फायरिंग शुरू कर दी.
गोली लगने से दो युवकों की मौत
अचानक हुई गोलीबारी के बीच किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. गोलियों की आवाज से पूरा वेन्यू दहल उठा. देखते ही देखते शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं.एक युवक को बाएं कान और सिर के दाहिने हिस्से में गोली लगी, जबकि दूसरे युवक के पेट, दाहिने हाथ की बांह, बाएं हाथ के कंधे और कोहनी के पास गोली लगी. दोनों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया.
शादी में पसरा मातम
मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरणगंज गांव निवासी सनोज यादव के 20 साल के बेटे राहुल कुमार और महंत यादव के 21 साल के बेटे दीपक कुमार के रूप में हुई है. वहीं, जख्मी युवक दौलतपुर गांव के सुरेंद्र यादव का 18 साल का सोनू कुमार है. उसकी दाहिनी जांघ में गोली लगी है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने राहुल और दीपक को मृत घोषित कर दिया. सोनू का इलाज चल रहा है.
अपराधियों की तलाश कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ वन सुशील कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे. वहां जख्मी सोनू से घटना की जानकारी लेने के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की.एसडीपीओ ने बताया कि शादी समारोह के दौरान तीन युवकों को गोली मारी गई, जिसमें दो की मौत हो गई. शुरुआती जांच में पूर्व के विवाद की बात सामने आई है. इस मामले में दो-तीन बिंदुओं पर जांच की जा रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया है. कुछ संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
ये वीडियो भी देखें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं