- 3 साल की बच्ची अचानक हुई लापता, 5 घंटे बाद झाड़ियों में मिली
- रेलवे ट्रैक पार कर भटक गई मासूम, दिल्ली पुलिस ने बचाया
- CCTV से मिला सुराग, 5 घंटे की तलाश के बाद बच्ची परिवार से मिली
उत्तर-पश्चिम दिल्ली में तीन साल की एक बच्ची के लापता होने से उसके परिवार में हड़कंप मच गया. बच्ची खेलते-खेलते अपने साथियों से बिछड़ गई और भटकते हुए रेलवे ट्रैक पार कर दूसरी तरफ पहुंच गई. लगातार हो रही बारिश और झाड़ियों से घिरे दुर्गम इलाके में फंस जाने के कारण वह वापस घर नहीं लौट सकी. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम सक्रिय हुई और सीसीटीवी फुटेज, लाउडहेलर तथा स्थानीय स्तर पर व्यापक तलाशी अभियान चलाकर करीब पांच घंटे बाद बच्ची को सुरक्षित ढूंढ़ निकाला.
खेलते-खेलते घर से दूर पहुंच गई बच्ची
NDTV को प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह मामला भारत नगर थाना क्षेत्र के कबीर नगर स्थित जेजे क्लस्टर का है. परिजनों के अनुसार तीन साल की बच्ची खेलते समय अपने दोस्तों से बिछड़ गई थी. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. बाद में बच्ची की मां ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद संगम पार्क पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू कर दी.

परिजन के साथ बच्ची
Photo Credit: दिल्ली पुलिस
CCTV और लाउडहेलर से चलाया गया सर्च ऑपरेशन
पुलिस ने सबसे पहले आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बच्ची की संभावित आवाजाही का पता लगाने की कोशिश की. इसके साथ ही इलाके में लाउडहेलर के जरिए लगातार अनाउंसमेंट भी किया गया. चौकी प्रभारी एसआई राजेश पिलानिया की निगरानी में एसआई नवीन और हेड कांस्टेबल मनीष ने सर्च ऑपरेशन की कमान संभाली. पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों, रेलवे ट्रैक और झाड़ियों वाले क्षेत्रों की बारीकी से तलाशी ली.
रेलवे ट्रैक के दूसरी तरफ मिली मासूम
लगातार पांच घंटे से अधिक समय तक चले अभियान के बाद पुलिस को बच्ची रेलवे ट्रैक के दूसरी तरफ झाड़ियों में फंसी हुई मिली. भारी बारिश और कठिन रास्ते के कारण वह वहां से निकल नहीं पा रही थी. पुलिसकर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला और उसे उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया.
यह भी पढ़ें : 'वाइफ मुझे देखकर व्रत नहीं खोल रही', करवा चौथ पर दिल्ली पुलिस को मिली अजीब शिकायत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं