- 2014 बैच के आईपीएस शशांक जायसवाल दिल्ली के रोहिणी डीसीपी हैं.
- यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवाओं को धैर्य, निरंतरता और ईमानदारी से मेहनत करने का संदेश दिया.
- रोहिणी पुलिस ने संगठित अपराध, अवैध हथियार और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की.
Delhi rohini dcp ips shashank jaiswal: दिल्ली के संवेदनशील जिलों में शुमार रोहिणी जिला पुलिस की कमान इन दिनों 2014 बैच के दिल्ली कैडर के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी शशांक जायसवाल संभाल रहे हैं. बतौर पुलिस उपायुक्त (DCP), जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी उनके कंधों पर है. NDTV की खास सीरीज 'डीसीपी को जानें' के तहत हुई एक विशेष बातचीत में डीसीपी शशांक जायसवाल ने दिल्ली के शाहदरा से जुड़ी अपनी जड़ों, सरकारी स्कूल की पढ़ाई, यूपीएससी की तैयारी, एक कप्तान की व्यस्त दिनचर्या, महिला सुरक्षा और अपने करियर के कुछ बेहद भावुक व चुनौतीपूर्ण मामलों पर खुलकर बात की.

delhi rohini dcp office Photo Credit: NDTV
UPSC के लिए युवाओं को खास संदेश
बातचीत की शुरुआत में शशांक जायसवाल ने अपने शुरुआती जीवन के बारे में बताते हुए कहा कि वे मूल रूप से दिल्ली के शाहदरा के रहने वाले हैं और उन्होंने सरकारी स्कूल में पढ़ाई की है. बेहद साधारण और अनुशासित माहौल में मिली इस शिक्षा ने उनके व्यक्तित्व की मजबूत नींव रखी. यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों और नई युवा पीढ़ी को उन्होंने बेहद सार्थक संदेश दिया. उनका कहना था कि सिविल सेवा केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि धैर्य, निरंतरता और सही रणनीति की भी परीक्षा है. उन्होंने कहा, "सच्ची लगन और ईमानदार मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है. छात्रों को चाहिए कि वे बिना किसी शोर-शराबे या दिखावे के चुपचाप अपनी पढ़ाई और तैयारी में जुटे रहें. आपकी यही खामोश मेहनत एक दिन खुद आपकी कामयाबी को सबके सामने बयां करेगी. सबसे जरूरी बात यह है कि तैयारी के दौरान कम से कम खुद को धोखा न दें."

delhi rohini dcp ips shashank jaiswal Photo Credit: NDTV
सफलता के बाद भी नहीं बदला अंदाज, वही पुराने दोस्त और वही सादगी
एक उच्च पद पर पहुंचने के बावजूद शशांक जायसवाल की सादगी आज भी बरकरार है. वे जैसे आईपीएस बनने से पहले थे, आज भी उसी सहजता और सादगी के साथ जीवन जीते हैं. अपने पुराने दोस्तों के साथ उनका आत्मीय जुड़ाव और अपनापन आज भी कायम है, जो उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी खूबियों में से एक है. एक सफल पुलिस अधिकारी होने के साथ-साथ वे एक संवेदनशील और सहज व्यक्तित्व के धनी भी हैं. उनके चेहरे पर हमेशा रहने वाली हल्की मुस्कान उनके व्यक्तित्व और सादगी को और अधिक प्रभावशाली बनाती है.
दिल्ली डीसीपी की दिनचर्या
दिल्ली जैसे महानगर में एक जिले के डीसीपी की दिनचर्या बेहद चुनौतीपूर्ण होती है. उन्होंने बताया कि सुबह तड़के जिले की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करने से लेकर जनसुनवाई, थानों के औचक निरीक्षण और वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के अनुपालन तक, पूरा दिन व्यस्तता में गुजर जाता है. इस दौरान उन्होंने बेहद ईमानदारी से एक महत्वपूर्ण बात स्वीकार की. उन्होंने कहा, "एक आईपीएस अधिकारी भी इसी समाज का हिस्सा है और आखिरकार वह भी एक इंसान ही है. काम के दौरान कई बार हमसे भी अनजाने में गलतियां हो जाती हैं, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण यह है कि हम अपनी गलतियों को स्वीकार करें और उनसे सीख लेकर खुद को और बेहतर बनाएं."
संगठित अपराध, अवैध हथियार और नशे के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस'
अपराध नियंत्रण की रणनीति पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि रोहिणी जिले की पुलिस टीम ने कई बड़े और कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं. उन्होंने कहा कि जिले में संगठित अपराध और विशेष रूप से अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई हुई है. अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो सके.
महिला सुरक्षा और सामाजिक पुलिसिंग
रोहिणी जिले में महिला सुरक्षा को लेकर डीसीपी शशांक जायसवाल बेहद संवेदनशील नजर आते हैं. उन्होंने बताया कि स्ट्रीट क्राइम पर नियंत्रण के साथ-साथ उनकी प्राथमिकता महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है. इसके लिए वे स्वयं स्कूलों, कॉलेजों और पार्कों में जाकर महिलाओं, छात्राओं और युवतियों से सीधा संवाद करते हैं, ताकि उनकी वास्तविक समस्याओं को समझा जा सके और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें. इसके अलावा, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और आम नागरिकों के सहयोग से सामाजिक पुलिसिंग को भी मजबूत किया जा रहा है.
वे मामले जिनसे मिली आत्म-अनुभूति
अपने करियर के अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने दो ऐसे मामलों का जिक्र किया, जिन्हें सुलझाने के बाद उन्हें गहरी आत्म-संतुष्टि और भावनात्मक संतोष का अनुभव हुआ.
लापता नाबालिग बच्ची की तलाश: उन्होंने बताया कि एक बेहद गरीब और कूड़ा बीनने वाले दिव्यांग व्यक्ति की 13 वर्षीय बेटी लापता हो गई थी. पुलिस टीम ने दिन-रात मेहनत कर बच्ची को सुरक्षित ढूंढ निकाला. अपनी बेटी को सकुशल वापस पाकर उस पिता के चेहरे पर जो खुशी दिखाई दी, उसने उन्हें भीतर तक प्रभावित किया. उन्होंने कहा कि यह उन मामलों में से एक था जिसने उन्हें पुलिस सेवा का वास्तविक महत्व महसूस कराया.
कंझावला का ब्लाइंड मर्डर केस: उन्होंने कंझावला इलाके के एक चर्चित मामले का भी उल्लेख किया, जिसमें एक व्यक्ति की एसयूवी कार से टक्कर मारकर हत्या कर दी गई थी. आरोपियों ने इसे सामान्य सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की थी. हालांकि, रोहिणी पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच की और पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया. साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया गया. इस मामले का खुलासा पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि साबित हुआ.
लक्ष्य: भटके युवाओं को मुख्यधारा में लाना और राष्ट्र सेवा
डीसीपी जायसवाल का मानना है कि पुलिसिंग का उद्देश्य केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना भी है. बेहतर पुलिसिंग, संगठित अपराध पर अंकुश और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ उनका मुख्य ध्येय अपराध की राह पर भटक चुके युवाओं और नाबालिगों को सही दिशा देना है. उनका मानना है कि यदि ऐसे युवाओं को समय रहते सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे दोबारा समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकते हैं और देश व समाज के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभा सकते हैं. बातचीत के अंत में डीसीपी शशांक जायसवाल ने रोहिणी जिले के निवासियों को आश्वस्त किया कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में दिल्ली पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर है. उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत होना ही प्रभावी पुलिसिंग की सबसे बड़ी कुंजी है.
यह भी पढ़ें | दिल्ली पुलिस DCP राजीव कुमार की गजब कहानी, कांस्टेबल पिता बोले-SI बनो, बेटा बन गया IPS
यह भी पढ़ें | सरकारी स्कूल में पढ़कर IPS बने कुशाल पाल सिंह, अब द्वारका दिल्ली के DCP, बोले-हम 24 घंटे ऑन ड्यूटी
यह भी पढ़ें | दिल्ली DCP के 24 घंटे कैसे बीतते हैं? IPS आकांक्षा यादव ने कैमरे पर बताया पूरा रूटीन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं