- करवा चौथ पर थाने पहुंची अनोखी शिकायत, पति बोला- पत्नी मेरा व्रत नहीं खोल रही
- पत्नी के व्यवहार से परेशान पति ने लगाया PCR कॉल
- दिल्ली में करवा चौथ पर पारिवारिक विवाद पहुंचा थाने
करवा चौथ के मौके पर जहां ज्यादातर लोग त्योहार के उत्सव में डूबे थे, वहीं दिल्ली पुलिस को एक ऐसी कॉल मिली जिसने सभी को चौंका दिया. आउटर डिस्ट्रिक्ट के निहाल विहार थाने में दर्ज पीसीआर कॉल में एक व्यक्ति ने शिकायत की कि वह करीब एक साल बाद घर लौटा है, लेकिन उसकी पत्नी उसका इंतजार करने के बजाय किसी अन्य व्यक्ति के साथ मौजूद है और उसका व्रत भी नहीं खोल रही. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर टीम भेजी.
पीसीआर कॉल में कही यह बात
NDTV के पास थाने की जनरल डायरी (GD) की कॉपी है.इस रिपोर्ट में जो जानकारी दी गई है उसके अनुसार कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि वह काफी समय बाद अपने घर पहुंचा है. उसका आरोप था कि घर पहुंचने पर उसे ऐसा लगा कि उसकी पत्नी ने किसी अन्य व्यक्ति को बुला रखा है. शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि करवा चौथ के दिन भी पत्नी उसका चेहरा देखकर व्रत खोलने को तैयार नहीं है. इसके बाद उसने पुलिस सहायता की मांग की.

पुलिस की डायरी
Photo Credit: NDTV
निहाल विहार थाने में दर्ज पीसीआर कॉल
ये मामला दिल्ली के निहाल विहार थाना क्षेत्र के श्रीराम कॉलोनी इलाके का बताया जा रहा है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कॉल मिलने के बाद सूचना संबंधित पुलिस अधिकारी को सौंप दी गई और आवश्यक कार्रवाई के लिए टीम को मौके पर भेजा गया. जनरल डायरी में दर्ज एंट्री के मुताबिक शिकायत को पीसीआर कॉल के रूप में दर्ज किया गया था.
यह भी पढ़ें : पत्नी ने नहीं रखा करवा चौथ का व्रत, पति पहुंचा थाने; बोला-पूजा नहीं की तो दे दूंगा तलाक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं