विज्ञापन

5-10 हजार रुपये में घर बैठे 10वीं-12वीं की फर्जी मार्कशीट; दिल्ली में हुआ गैंग का भंडाफोड़, 150 लोग बने शिकार

नौकरी और एडमिशन के लिए 5 से 10 हजार रुपये में तैयार हो रही थीं फर्जी 10वीं-12वीं की मार्कशीट. दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसने कथित तौर पर 100 से अधिक नकली शैक्षणिक प्रमाणपत्र बेच डाले.

5-10 हजार रुपये में घर बैठे 10वीं-12वीं की फर्जी मार्कशीट; दिल्ली में हुआ गैंग का भंडाफोड़, 150 लोग बने शिकार
Delhi Fake Marksheet Racket: शाहदरा में फर्जी 10वीं-12वीं मार्कशीट गैंग का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार
  • शाहदरा में फर्जी 10वीं-12वीं मार्कशीट गैंग का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार
  • नौकरी और एडमिशन के लिए बन रही थीं नकली मार्कशीट
  • डिकॉय ग्राहक बनकर पुलिस ने मार्कशीट गैंग को पकड़ा, लैपटॉप-प्रिंटर के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली:

Fake Marksheet Racket Delhi: दिल्ली पुलिस की शाहदरा जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज तैयार करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से फर्जी 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, लैपटॉप, प्रिंटर तथा दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से नकली शैक्षणिक प्रमाणपत्र तैयार कर बेच रहे थे और अब तक करीब 100 से 150 लोगों को फर्जी दस्तावेज उपलब्ध करा चुके हैं. पुलिस के अनुसार यह गिरोह नौकरी, कॉलेज दाखिले और अन्य प्रक्रियाओं में इस्तेमाल के लिए नकली मार्कशीट तैयार करता था और इसके बदले हजारों रुपये वसूलता था.

ऐसे खुला फर्जीवाड़े का बड़ा नेटवर्क

पुलिस के मुताबिक 30 जून 2026 को शाहदरा जिले की स्पेशल स्टाफ टीम को सूचना मिली थी कि शाहदरा निवासी नवनीत त्यागी फर्जी 10वीं और 12वीं की मार्कशीट तथा शैक्षणिक प्रमाणपत्र तैयार कर लोगों को उपलब्ध करा रहा है. सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर आशीष कुमार के नेतृत्व में टीम ने मामले की जांच शुरू की. आरोपों की पुष्टि करने के लिए पुलिस ने एक कर्मचारी को डिकॉय ग्राहक बनाया. पुलिसकर्मी की फोटो, 10वीं की मार्कशीट और आधार कार्ड की कॉपी व्हाट्सएप के माध्यम से आरोपी को भेजी गई ताकि वह फर्जी 12वीं की मार्कशीट तैयार कर सके.

छापेमारी कर मुख्य आरोपी को दबोचा

जांच के दौरान मिले पुख्ता सबूतों के आधार पर 17 जुलाई 2026 को पुलिस ने जीटी रोड स्थित मिराज सिनेमा और विकास मॉल के पास छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी नवनीत त्यागी को गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी में उसके पास से 10वीं और 12वीं की दो फर्जी मार्कशीट बरामद हुईं. इसके बाद शाहदरा थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई.

दो और साथी भी गिरफ्तार

पूछताछ के दौरान नवनीत त्यागी ने अपने सहयोगियों सबाब आलम और फरीद अहमद सैफी के नाम बताए. इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया. उनके कब्जे से एक लैपटॉप, प्रिंटर और फर्जी दस्तावेज बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए गए. जांच में तीनों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से नकली शैक्षणिक दस्तावेज तैयार कर रहे थे.

100 से 150 नकली सर्टिफिकेट बेचने का दावा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अब तक करीब 100 से 150 फर्जी 10वीं और 12वीं की मार्कशीट तथा प्रमाणपत्र तैयार कर बेच चुके हैं. प्रत्येक दस्तावेज के लिए वे 5 हजार से 10 हजार रुपये तक वसूलते थे. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन दस्तावेजों का इस्तेमाल किन लोगों ने किया और इन्हें कहां-कहां भेजा गया.

एक्सपायर्ड रजिस्ट्रेशन का करते थे इस्तेमाल

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी एक बंद हो चुके शैक्षणिक संस्थान के एक्सपायर्ड रजिस्ट्रेशन का दुरुपयोग कर रहे थे. वे उसी संस्थान के नाम पर पुरानी तारीखों के साथ फर्जी मार्कशीट और प्रमाणपत्र तैयार करते थे ताकि दस्तावेज असली प्रतीत हों. इनका इस्तेमाल नौकरी, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य सरकारी कार्यों में किया जा सके. पुलिस के अनुसार यह सुनियोजित फर्जीवाड़ा था, जिसके जरिए लोगों और संस्थाओं को गुमराह किया जा रहा था.

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 53 साला के नवनीत त्यागी, निवासी ईस्ट रोहताश नगर, शाहदरा, 41 साल के सबाब आलम, निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद और 49 साल के फरीद अहमद सैफी, निवासी विजय पार्क, मौजपुर, दिल्ली के रूप में हुई है.

नेटवर्क की जांच जारी

दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज तैयार करने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली मार्कशीट प्राप्त करने वाले लोग कौन हैं, उनका उपयोग कहां किया गया और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य कौन-कौन हैं. मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें : जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल; पथराव और तोड़फोड़, 70 प्रदर्शनकारी हिरासत में

यह भी पढ़ें : जिहादी कट्टरपंथ फैलाने वाले ISIS-AQIS नेटवर्क पर NIA का एक्शन, 10 राज्यों व दिल्ली के 20 ठिकानों पर छापेमारी

यह भी पढ़ें : 29 साल जेल में रहने वाले अब्दुल हमीद को राहत; 1996 बस बम ब्लास्ट केस में सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की फांसी की सजा

यह भी पढ़ें : NEET रिजल्ट के बाद खान सर ने गर्दा उड़ा दिया; भोजपुरी सॉन्ग में स्टूडेंट्स के साथ लगी 'पंचायत', देखिए VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Fake Marksheet Racket, Shahdara Police, 10th Marksheet, 12th Marksheet, Fake Certificate Scam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com