विज्ञापन
This Article is From Aug 13, 2022

दिल्ली वाले ध्यान दें... इन रूट्स पर ना करें सफर, फुल ड्रेस रिहर्सल पर ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवायजरी

स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर पुलिस काफी अलर्ट है. लाल किला इलाके में छतों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पतंग पकड़ने वालों और पतंग उड़ाने वालों को तैनात किया गया है.

दिल्ली वाले ध्यान दें... इन रूट्स पर ना करें सफर, फुल ड्रेस रिहर्सल पर ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवायजरी
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर पुलिस काफी अलर्ट है. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली:

स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए शनिवार को हो रहे ‘ फुल ड्रेस रिहर्सल' के कारण दिल्ली की ट्रैफिक व्यवस्था में कुछ तब्दीलियां की गईं हैं. इस बाबत पुलिस की ओर से अलर्ट भी जारी किया गया है. साथ ही दिल्ली मेट्रो के चार स्टेशनों के भी कई गेटों को बंद किया गया है. 

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार,  13 और 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच • इनर रिंग रोड - आईपी कॉलेज से आजादपुर चौक तक • जीटीके रोड - शक्ति नगर से आजादपुर चौक तक और • छत्रसाल स्टेडियम रोड, गुजरांवाला टाउन का रूट लेने से बचने की जरूरत है.

पुलिस के अनुसार, इन रूटों पर लगभग 200 बसें और 2,000 हल्के वाहन आने की उम्मीद है, जिससे कुछ भीड़भाड़ हो सकती है. इसलिए, यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे उपरोक्त तिथियों और समय पर वैकल्पिक मार्ग लें. 

इधर, ‘ड्रेस रिहर्सल' के चलते दिल्ली मेट्रो के चार स्टेशनों के कई द्वार पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए बंद कर दिए गए हैं. दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने यह जानकारी दी, इनमें आईटीओ, लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन शामिल हैं.

डीएमआरसी ने ट्वीट किया, '' सुरक्षा के लिहाज से जानकारी, स्वतंत्रता दिवस सामारोह के ड्रेस रिहर्सल के कारण, निम्नलिखित गेट पूर्वाह्न 11 बजे तक बंद हैं. इनमें आईटीओ मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक, दो और तीन, लालकिला मेट्रो स्टेशन का गेट नंबर चार, जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर तीन और चार और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक, चार और पांच शामिल हैं. '' डीएमआरसी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ''सभी स्टेशन खुले हैं और अन्य गेट का इस्तेमाल प्रवेश/निकास के लिए किया जा सकता है.''

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुरक्षा उपायों के मद्देनजर दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों पर रविवार सुबह से सोमवार दोपहर तक वाहन पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी. दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने शुक्रवार को हालांकि कहा कि मेट्रो ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी.

डीएमआरसी द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, ''स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उठाए गए सुरक्षा कदमों के मद्देनजर दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों पर रविवार 14 अगस्त, 2022 को सुबह छह बजे से सोमवार यानी 15 अगस्त, 2022 को दोपहर दो बजे तक वाहन पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी.''

गौरतलब है कि स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर पुलिस काफी अलर्ट है. लाल किला इलाके में छतों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पतंग पकड़ने वालों और पतंग उड़ाने वालों को तैनात किया गया है, ताकि 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले उप-पारंपरिक हवाई प्लेटफार्म के हर प्रकार के खतरे से निपटा जा सके. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. 

अधिकारियों ने बताया कि पतंगों, गुब्बारों, ड्रोन या मानव युक्त या मानव रहित उड़ने वाली वस्तुओं को उस क्षेत्र तक पहुंचने से रोकने के लिए पर्याप्त उपाय किए गए हैं, जहां 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा.
 

यह भी पढ़ें -
--
 इन वजहों से हमेशा चर्चा और विवादों में रहे हैं ब्रिटिश लेखक सलमान रुश्‍दी
-- लेखक सलमान रुश्दी के गले पर चाकू से हमला, अस्पताल ले जाया गया

VIDEO: तेजस्‍वी ने सोनिया गांधी से की मुलाकात, कहा - क्षेत्रीय दलों को खत्‍म करना चाहती है BJP

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Traffic Police, Independance Day, Delhi Metro
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com