- कनॉट प्लेस के इनर सर्कल को जाम मुक्त करने के लिए NDMC ने लोगों से सुझाव मांगे हैं
- NDMC चीफ ने गर्मी में शाम 6 से आधी रात तक और सर्दियों में सुबह 11 से शाम 4 बजे तक प्रतिबंध का प्रस्ताव रखा है
- NDMC ने अभी तक इस योजना पर कोई अंतिम फैला नहीं लिया है सिर्फ लोगों ने उनकी राय पूछी है
कनॉट प्लेस का फेमस इनर सर्कल बहुत ही व्यक्त इलाका है. यहां हर वक्त भारी जाम रहता है. जिसकी वजह से पैदल चलने वालों को बहुत परेशानी होती है. क्या इस इलाके को हर दिन कुछ घंटों के लिए जाम से मुक्त किया जा सकता है? इसे लेकर सिविक बॉडी ने लोगों से उनके सुझाव मांगे हैं. NDMC के चेयरमैन मनोज द्विवेदी ने लोगों से सुझाव मांगे हैं कि क्या इस बिजी कमर्शियल इलाके को पैदल चलने वालों के लिए आसान जोन बनाया जा सकता है. फिलहाल जाम की वजह से लोगों को पैदल चलने में भी काफी दिक्कत होती है.
इनर सर्कल में गाड़ियों के बैन की तैयारी?
मनोज द्विवेदी ने इसे लेकर गुरुवार को एक्स पर एक पोस्ट किया. उन्होंने कहा कि NCR में लगभग हर कोई कनॉट प्लेस जरूर गया होगा. क्या हम CP के इनर सर्कल को गाड़ियों से मुक्त रख सकते हैं? उन्होंने आगे कहा कि जैसे विदेशों के शहरों में कुछ मॉल रोड और सेंट्रल इलाकों में लोग बिना जाम आराम से घूमते हैं, वैसे ही इस जगह पर भी लोगों को बिना जाम आजादी से घूमने-फिरने को मिलना चाहिए.
NDMC ने गाड़ियां बंद करने को लेकर मांगे सुझाव
हालांकि इनर सर्कल को जाम मुक्त करने को लेकर NDMC प्रमुख के पास अब तक कोई पक्का प्लान नहीं है. उन्होंने इसे लेकर पहले लोगों की राय पूछी है. उन्होंने पूछा है कि सीपी के इनर सर्कल को कितने समय तक गाड़ियों से मुक्त रखा जाए, क्या वीकेंड पर समय अलग होना चाहिए और इस इलाके में कौन सी गतिविधियां आयोजित की जानी चाहिए.
NDMC किन समय-सीमाओं पर कर रहा विचार?
मनोज द्विवेदी ने मौसम के हिसाब से दो संभावित समय का सुझाव दिया है. गर्मी के मौसम में इनर सर्कल को शाम 6 बजे से आधी रात तक और सर्दियों में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक गाड़ियों से मुक्त रखा जा सकता है. उन्होंने ये भी पूछा है कि क्या इस इलाके को पूरे दिन गाड़ियों से मुक्त रखा जाए या फिर वीकेंड पर कोई अलग शेड्यूल होना चाहिए.
कॉनॉट प्लेस के लिए समय बहुत अहम हो सकता है, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में लोग शॉपिंग के लिए आते हैं. ऑफिस जाने वाले लोग, टूरिस्ट और घूमने-फिरने के लिए भी लोग आते हैं, खासकर शाम और वीकेंड के समय. लोगों ने मनोज के इस सुझाव का समर्थन तो किया इसके साथ ही पहुंच और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी चुनौतियों की ओर इशारा भी किया.
गाड़ी बैन का समर्थन, लेकिन चुनौतियां भी कम नहीं
कई लोगों ने इनर सर्कल में गाड़ियों पर रोक लगाने का समर्थन किया, साथ ही उन व्यावहारिक चुनौतियों की ओर भी इशारा किया जिन्हें NDMC को हल करना होगा. MCD के असिस्टेंट डायरेक्टर जय शंकर ने कहा कि इनर सर्कल को कुछ खास घंटों के दौरान व्हिकल फ्री रखा जाना चाहिए. लेकिन पूरे दिन इसे गाड़ियों से फ्री करना व्यावहारिक नहीं हो सकता है, क्योंकि वहां कमर्शियल एक्टिविटीज होती हैं और सप्लाई-चेन और लॉजिस्टिक्स की जरूरतों के लिए गाड़ियों को आने-जाने की अनुमति देनी पड़ती है.
जानिए क्या हैं लोगों के सुझाव?
वहां रहने वाले अमन डुडेजा ने सुझाव दिया कि गाड़ियों पर रोक कम भीड़-भाड़ वाले समय (नॉन-पीक आवर्स) में लगाई जाए. उन्होंने इसके लिए सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे का समय सुझाया. उन्होंने इलाके में स्थानीय कलाकारों और बैंड्स को परफॉर्म करने के लिए बढ़ावा देने का भी सुझाव दिया.
अन्य निवासी डॉ. रजनीश ने सुझाव दिया कि जो बुजुर्ग ज्यादा दूर तक चल नहीं सकते, उनकी मदद के लिए इलेक्ट्रिक गोल्फ-कार्ट जैसे वाहन इस्तेमाल किए जाएं. उन्होंने सेंट्रल पार्क और इनर सर्कल में संगीत, बहस, प्रदर्शनी और दूसरे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का भी सुझाव दिया.
एक और स्थानीय संजय साहनी ने इनर सर्कल को पूरी तरह से वाहन-मुक्त जोन के बजाय एक दूसरा विकल्प सुझाया. उन्होंने कहा कि इस इलाके में आने वाले वाहनों पर कंजेशन चार्ज लगाया जा सकता है, लेकिन सीनियर सिटिज़न को इसमें छूट दी जानी चाहिए.
ये Video भी देखें :NDTV की ग्राउंड रिपोर्ट के बाद एक्शन, लाल किले के पास अवैध पार्किंग नेटवर्क पर कार्रवाई
ये भी पढ़ें-Night Hangout Delhi: रात के समय घूमने के लिए परफेक्ट हैं ये 5 स्पॉट, दोस्तों और पार्टनर संग करें एंजॉय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं