केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 29 सितंबर को बारापुल्ला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन किया था. इससे मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां तक 9 किमी का सिग्नल फ्री एलिवेटेड कॉरिडोर चालू हुआ, लेकिन अगले ही दिन यहां लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा. 15 मिनट के दावे की जगह 40-60 मिनट का समय लगा और फ्लाईओवर पर 4 किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं.सुबह 9:30 से 10:00 बजे के बीच वाहनों का रेला दिखा. मयूर विहार से एम्स की लेन पर करीब लंबा जाम लग गया और वाहन रेंगते दिखे. नेशनल हाईवे(NH-24 और NH-9) पर सुबह 11 बजे तक जाम रहता है, लेकिन बारापुल्ला कॉरिडोर पर यह जाम दोपहर 1:30 बजे तक देखा गया.
नोएडा, गाजियाबाद से भारी ट्रैफिक
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को मयूर विहार की तरफ से फ्लाईओवर के प्रवेश द्वार पर बैरिकेड लगाकर वाहनों को अस्थायी तौर पर वापस NH-24 की तरफ डायवर्ट करना पड़ा. ट्रैफिक पुलिस और पीडब्ल्यूडी (PWD) का मानना है कि यहां जाम लगने का सबसे बड़ा कारण बुनियादी ढांचा है. नया बारापुल्ला फेज-3 फ्लाईओवर 6 लेन का है, जो मयूर विहार से पुराने बारापुल्ला फेज-2 से जुड़ता है, लेकिन वहां सड़क संकरी होकर दो लेन की रह जाती है.
Important information and caution #Barapullah Corridor Phase 3 opens today! But….#trafficjam pic.twitter.com/IbTg3ZZSpO
— Atul Kacher (@i_atulkumar) September 30, 2026
बारापुला फ्लाईओवर का उद्घाटन
पुराना बारापुला फ्लाईओवर पहले से ही रिंग रोड और सराय काले खां के ट्रैफिक का भारी बोझ संभाल रहा है. नए कॉरिडोर के खुलते ही अचानक 3 एक्स्ट्रा लेन का भारी ट्रैफिक इससे जुड़ गया. 7 से 8 लेन का ट्रैफिक केवल दो लेन के संकरे मुहाने में घुसने की कोशिश से से गाड़ियों की रफ्तार थम सी गई.

अचानक हजारों वाहनों की आवाजाही
पूर्वी दिल्ली और नोएडा के लोगों ने मयूर विहार से एम्स जाने का नया सिग्नल फ्री रूट मुफीद समझा और इस पर उमड़ पड़े. इस रूट पर अचानक हजारों वाहन आ गए, जो पहले NH-24 या डीएनडी (DND) फ्लाईवे का इस्तेमाल करते थे. मयूर विहार से मुड़कर नए कॉरिडोर पर वाहन आ गए.
Barapullah pe Jaam hi Jaam. pic.twitter.com/YikCwJJtvt
— Kshitij Singh (@masterkk1997) September 30, 2026
दिल्ली पुलिस का ट्रैफिक अपडेट
बारापूला फ्लाईओवर की दूसरी तरफ की लेन पहले दिन यातायात के लिए नहीं खोली जा सकी थी. लोक निर्माण विभाग के टेंट, स्टेज और अन्य इंतजामों से भी बेरोकटोक ट्रैफिक संचालन में बाधा आई. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, गूगल मैप्स ने सुबह यात्रियों को सबसे तेज रास्ता दिखाते हुए सीधे नए कॉरिडोर की ओर मोड़ा. नए रूट पर लाइव ट्रैफिक लेयरिंग और ट्रैफिक जाम की हालत तुरंत अपडेट नहीं हो रही थी. जो भी गाड़ी रूट पर आई,उसके पास वापस मुड़ने या नीचे उतरने का कोई विकल्प नहीं था.
ये भी पढ़ें - Delhi: मयूर विहार से AIIMS का सफर सिग्नल फ्री होगा 15 मिनट, DND और रिंग रोड पर ट्रैफिक दबाव होगा कम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं