- दिल्ली में महरौली-बदरपुर रोड और आउटर रिंग रोड के बीच छह लेन एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा
- एलिवेटेड कॉरिडोर से करीब 12 चौराहों पर ट्रैफिक बाईपास होगा, जिससे जाम की समस्या कम होगी
- मुकरबा चौक पर मौजूदा छह लेन रेलवे ओवरब्रिज को 10 लेन तक विस्तारित किया जाएगा
दिल्ली में रोड कनेक्टिविटी को बेहतर करने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं. दो बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, इसके पूरा होते ही साउथ दिल्ली के महरौली-बदरपुर रोड और आउटर रिंग रोड पर बाहरी दिल्ली के मुकरबा चौक पर ट्रैफिक का दबाव बहुत कम हो जाएगा. इन दोनों ही बिजी सड़कों पर फिलहाल बहुत ट्रैफिक रहता है. लेकिन छह लेन एलिवेटेड कॉरिडोर और छह लेन वाले रेलवे ओवर ब्रिज को 10 लेन किए जाने से लोगों को बहुत फायदा होगा.
5.5 किमी. लंबा छह लेन एलिवेटेड कॉरिडोर
जिन प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है, उनके पूरा होने से दिल्ली के छह मेट्रो स्टेशनों के आसपास करीब 300 मीटर के दायरे में पैदल चलने वालों को बहुत फायदा होगा. बता दें कि आउटर रिंग रोड से महरौली-बदरपुर रोड तक करीब 5.5 किमी. लंबा छह लेन एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा. खास बात यह है कि इस कॉरिडोर पर करीब 12 चौराहों से ट्रैफिक बाईपास होगा.
छह लेन एलिवेटेड कॉरिडोर की खासियत
- सिक्स लेन एलिवेटेड कॉरिडोर करीब 5.5 किमी. लंबा होगा
- यह आउटर रिंग रोड को महरौली-बदरपुर रोड से जोड़ेगा
- रास्ते में आने वाले करीब 12 चौराहों को बाईपास करेगा
- इससे ओखला फेज-1 और फेज-2 से आने-जाने वाले ट्रैफिक का दबाव कम होगा
- इससे आनंदमयी मार्ग पर पैदल चलने वालों को काफी मदद मिलेगी
मुकरबा चौक पर 10 लेन तक बढ़ेगा फुट ओवर ब्रिज
साथ ही बाहरी दिल्ली के बिजी मुकरबा चौक को भी जाम मुक्त करने की भी योजना बनाई गई है. मुकरबा चौक पर मौजूदा छह लेन के रेलवे ओवरब्रिज को 10 लेन तक विस्तारित किया जाएगा. इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम दिल्ली में यात्रियों की सुविधा को देखते हुए करीब 11.56 करोड़ रुपये की लागत से 3 नए फुटओवर ब्रिज बनाए जा रहे हैं. तीनों फुटओवर ब्रिज पर लिफ्ट लगाई जाएगी, जिससे बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और दिव्यांगों को चढ़ने-उतरने में कोई परेशानी न हो.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं