विज्ञापन

'मेरे ऊपर 45 FIR, चाहता हूं कि 100 हो जाएं...', राहुल गांधी ने ऐसा क्यों कहा?

आकाशवाणी भवन में कथित तौर पर जबरन घुसने के आरोप में राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज हुई है. इसे लेकर उन्होंने कहा कि हर FIR उनके लिए मेडल की तरह है.

'मेरे ऊपर 45 FIR, चाहता हूं कि 100 हो जाएं...', राहुल गांधी ने ऐसा क्यों कहा?
आकाशवाणी भवन में घुसने पर राहुल पर FIR दर्ज हुई है.
IANS
नई दिल्ली:

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इंडिया ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी भवन में कथित तौर पर जबरन घुसने के आरोप में अपने खिलाफ दर्ज FIR को लेकर कहा कि उनके लिए हर FIR एक मेडल की तरह है. उन्होंने कहा कि वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना विरोध जारी रखेंगे. 

मीडिया से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि 'मेरे खिलाफ 45 FIR दर्ज हैं. मेरा लक्ष्य 100 FIR का है. मैं चाहता हूं कि मेरे खिलाफ 100 FIR दर्ज हों. हर FIR मेरे लिए एक मेडल की तरह है.'

उन्होंने कहा कि करीब 300 लोकसभा और राज्यसभा सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते थे लेकिन उन्हें मुलाकात की अनुमति नहीं दी गई. दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक दिया और कहा कि वहां विरोध प्रदर्शन नहीं किया जा सकता.

अब जंतर-मंतर जाएंगे

उन्होंने कहा कि अब इंडिया ब्लॉक के सांसद तय विरोध स्थल जंतर-मंतर पर जाएंगे और वहां बैठकर देश को बताएंगे कि ज्ञानेश कुमार देश के वैध मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं हैं और उन्होंने केंद्र सरकार के साथ मिलकर देश के लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है. 

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने ऐसा किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही होगा.

यह भी पढ़ेंः राहुल के प्लान-B से फिर गच्चा खा गई पुलिस, चुनाव आयोग के लिए निकले विपक्षी सांसद कैसे पहुंच गए आकाशवाणी भवन?

खरगे बोले- लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हम यह विरोध जारी रखेंगे. चुनाव आयोग की बार-बार की गलतियां और केंद्र सरकार के इशारे पर हो रही हरकतें यह दिखाती हैं कि वे देश में लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं. वे संविधान की भी परवाह नहीं करते. 

उन्होंने कहा कि इसलिए, हमने तय किया है कि लोगों की आवाज पूरे देश तक पहुंचनी चाहिए. यही हमारा काम है और इसीलिए राहुल गांधी लड़ रहे हैं. लोगों के हक छीने जा रहे हैं, उसकी सुरक्षा के लिए हम कोशिश कर रहे हैं, हम डरने वाले नहीं हैं बल्कि लड़ते रहेंगे और आगे बढ़ते रहेंगे.

उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी साथी जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे. जब तक हमारी मांग पूरी नहीं हो जाती, हम प्रदर्शन करते रहेंगे. चुनाव आयोग जो भी कर रहा है, उसके पीछे केंद्र सरकार है. इसलिए हम सभी विपक्षी दलों के नेता देश के लोगों को बताना चाहते हैं कि उनका अधिकार छीना जा रहा है.

खरगे ने कहा कि जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हमारे ऊपर कितने भी केस दर्ज किए जाएं, हम डरने और रुकने वाले नहीं हैं. 

कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा कि सरकार को लगता है कि हम FIR से डर जाएंगे लेकिन, हम डरने वाले नहीं हैं.

यह भी पढ़ेंः यूपी की राजनीति का गढ़ बना यह जिला, एक साथ 5 सांसदों का यहां से ताल्लुक; अब छठे की बारी

क्यों दर्ज हुई है FIR?

मंगलवार को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी सांसद आकाशवाणी भवन में धरने पर बैठ गए थे. 

सभी सांसद लगभग 8 घंटे तक वहीं धरने पर बैठे रहे. राहुल का कहना था कि जब तक चुनाव आयोग मिल नहीं लेता, तब तक कहीं नहीं जाएंगे. लेकिन देर रात लगभग साढ़े 8 बजे के आसपास पुलिस ने राहुल और प्रियंका समेत धरने पर बैठे सभी सांसदों को हिरासत में ले लिया था.

अब इसके बाद बुधवार को राहुल-प्रियंका के अलावा कई विपक्षी सांसदों के खिलाफ मिली शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है.

ये वीडियो भी देखें- राहुल गांधी के प्रदर्शन की 10 बड़ी तस्वीरें, दिनभर क्या-क्या हुआ?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Akashvani Bhavan, Priyanka Gandhi, Gyanesh Kumar, Election Commission
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com