लोकसभा में विपक्ष के नेता (LoP) राहुल गांधी ने कहा कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, जिसकी वजह भारी बेरोजगारी और देश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी चिंताएं हैं. कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, "सीधी बात यह है कि भारत एक आर्थिक आपदा के मुहाने पर खड़ा है. यही हकीकत है. कोई इसे नजरअंदाज कर सकता है, मीडिया भी इसे अनदेखा कर सकता है, लेकिन भारत में बेरोजगारी की एक बहुत बड़ी समस्या है. भारत के एजुकेशन सिस्टम में भी एक बहुत बड़ी दिक्कत है."
राहुल गांधी भारत के युवाओं के बारे में मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन द्वारा पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे.
उन्होंने आगे कहा कि हम इसका अध्ययन कर रहे हैं, इस पर गौर कर रहे हैं और इसकी वजह काफी दिलचस्प है. असली बात यह है कि उन्हें (युवाओं को) अपना कोई भविष्य दिखाई नहीं देता.
'नई पीढ़ी उठा रही सवाल...'
करियर के मौकों को लेकर युवाओं और उनके माता-पिता के बीच बढ़ती दूरी के बारे में बात करते हुए, राहुल गांधी ने कहा कि नई पीढ़ी, पिछली पीढ़ी की सलाह और एक्सपीरिएंस पर सवाल उठा रही है.
उन्होंने आगे कहा, "युवा असल में अपने माता-पिता से यही कह रहे हैं कि "देखिए, आप सफल नहीं हैं, आपके पास नौकरी नहीं है, इसलिए आप हमें वह करने के लिए नहीं कह सकते जो आपने किया था, क्योंकि अब वह तरीका काम नहीं करता."
राहुल गांधी अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी के साथ एक शैक्षणिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया. 18 नवंबर यानी आज उनका शिकागो यूनिवर्सिटी जाने का भी कार्यक्रम है.
यह भी पढ़ें | राहुल गांधी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में फिर उठाया 'वोट चोरी' का मुद्दा, बोले- 14 करोड़ वोटरों के नाम काटे गए
यह भी पढ़ें | राहुल गांधी की शिव-पार्वती वाली दलील पर भाजपा ने पूछ लिया अलाउद्दीन खिलजी-मलिक काफूर वाला सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं